पीएम मोदी ने की मुलाकात, थिरु पूर्णा चंद्रन की मां ने बताया- ख्याल रखने का किया वादा
मदुरै, 2 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु में भगवान मुरुगन के भक्त थिरु पूर्णा चंद्रन के परिवार से पीएम मोदी ने रविवार को मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर थिरु पूर्णा चंद्रन की मां कालीश्वरी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत की। इस दौरान कालीश्वरी ने कई बातों का जिक्र किया और पीएम मोदी की तारीफ भी की।
थिरु पूर्णा चंद्रन की मां कालीश्वरी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में उनके परिवार को मुलाकात के लिए आमंत्रित किया। इस बेहद खास मुलाकात में उनकी बहू और पोते शामिल हुए, जहां उन सभी के साथ बेहद सम्मानपूर्वक व्यवहार किया गया।
कालीश्वरी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने दीपम के अवसर पर मेरे बेटे के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने हमसे वादा किया कि वह हमेशा एक माता-पिता की तरह हमारा ख्याल रखेंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी उनके बेटे के निधन के दिन से ही हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने परिवार को सहयोग देने वाले सभी लोगों और संवेदना व्यक्त करने वालों के प्रति भी विशेष आभार जताया।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि रविवार को मदुरै में उन्हें थिरु पूर्णा चंद्रन की याद आई। उन्होंने राज्य की द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) सरकार को असंवेदनशील बताते हुए कहा कि वे कुछ भी करें, सत्य की जीत होगी और भगवान मुरुगन के भक्तों की विजय होगी।
प्रधानमंत्री ने थिरु पूर्णा चंद्रन की पत्नी इंदुमती और उनके बेटों से भी मुलाकात की। बताया जाता है कि थिरु पूर्णा चंद्रन भगवान मुरुगन के भक्त थे। पिछले वर्ष दिसंबर में मद्रास उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किए जाने के विरोध के बीच उन्होंने आत्महत्या कर ली थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने परिजनों से मुलाकात के बाद डीएमके सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंततः सत्य की ही जीत होगी।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
