Aapka Rajasthan

प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम सुवेंदु अधिकारी को दुर्गा पूजा की दीं शुभकामनाएं, बंगाल की संस्कृति और विरासत की सराहना

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्य की जनता को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
 

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्य की जनता को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भेजे पत्र में लिखा कि उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भेजने के लिए धन्यवाद। उन्होंने इस अवसर पर अपनी ओर से भी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि मां दुर्गा का आशीर्वाद पश्चिम बंगाल के लोगों, उनके परिवार और पूरे राज्य पर बना रहे।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल की संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह उत्सव राज्य की समृद्ध विरासत, कलात्मक परंपराओं और सामाजिक एकता का भव्य प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक साथ जोड़ता है और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शक्ति की आराधना हमें अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानने और हर परिस्थिति में विश्वास तथा दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने 'विरासत से विकास' की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराएं देश के विकास और प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने अपने संदेश में आशा व्यक्त की कि मां दुर्गा की कृपा पश्चिम बंगाल के लोगों पर बनी रहेगी और राज्य तथा देश को उज्ज्वल और गौरवशाली भविष्य की ओर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाएगी।

वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और राज्य की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजी गई शुभकामनाओं और शुभेच्छाओं के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है। बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री का संदेश राज्य के लोगों के लिए सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक है।

पीएम मोदी के इस पत्र को सोशल मीडिया प्लेटफॅार्म एक्स पर शेयर करते हुए पश्चिम बंगाल सीएम ने लिखा कि पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर उनके हार्दिक शुभकामना संदेश और स्नेहपूर्ण भावनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। जैसा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उल्लेख किया है कि दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल की आत्मा का प्रतीक है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कलात्मक उत्कृष्टता और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का उत्सव है। उनका प्रेरणादायी संदेश हमें अपनी आंतरिक शक्ति को जागृत करने तथा अटूट विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

सीएम ने आगे लिखा कि हम भी उन्हीं शुभ भावनाओं को पूरे सम्मान और स्नेह के साथ प्रत्युत्तर स्वरूप व्यक्त करते हैं। मां दुर्गा की दिव्य कृपा से प्रत्येक परिवार को उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त हो तथा पश्चिम बंगाल और हमारा राष्ट्र उज्ज्वल एवं गौरवशाली भविष्य की ओर निरंतर अग्रसर हो। जय मां दुर्गा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी