पीएम मोदी ने बिहार को बहुत बड़ा सम्मान दिया : भाजपा सांसद धर्मशिला गुप्ता
नई दिल्ली, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों के बधाई देने का सिलसिला जारी है। इस बीच भाजपा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने सोमवार को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया और नितिन नबीन को शुभकामनाएं दी।
भाजपा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैं धन्यवाद देना चाहूंगी, जिन्होंने बिहार को इतना बड़ा सम्मान दिया है। ये भारतीय जनता पार्टी में संभव है कि एक युवा, महिला, बुजुर्ग या समाज के वंचित, शोषित वर्गों से आए कार्यकर्ता को शीर्ष पद तक मिल सकता है। जो निरंतर कार्य करते रहते हैं, संगठन के अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, पार्टी उन्हें अवसर देती है। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। यह कोई कांग्रेस की पार्टी नहीं है, जहां पर मां-बेटा ही सबकुछ होते हैं, उन्हीं के नेतृत्व में पार्टी का संगठन चलता है।"
उन्होंने भाजपा संगठन के इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा, "नितिन नबीन ने बिहार भाजपा में युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और लगातार पांच बार विधायक बने, मंत्री भी रहे। पीएम मोदी और भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनका चयन किया है। निश्चित रूप से मुझे पूरा विश्वास है कि देश के जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, जिसमें पश्चिम बंगाल भी शामिल है, हम वहां पर जरूर जीत दर्ज करेंगे।"
बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने रविवार को बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की सूचना जारी की थी। उन्होंने नियुक्ति पत्र में बताया था कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पार्टी के इस फैसले को संगठनात्मक स्तर पर एक अहम कदम माना जा रहा है। नितिन नबीन की नियुक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नितिन नबीन फिलहाल बिहार के पथ निर्माण और नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
--आईएएनएस
एससीएच/एएस
