Aapka Rajasthan

पीएम मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सुशासन को दी प्राथमिकता, नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष तक निरंतर नेतृत्व पूर्ण करने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।
 

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष तक निरंतर नेतृत्व पूर्ण करने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "राष्ट्र प्रथम, सेवा ही जीवन! गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 स्वर्णिम वर्षों की यात्रा में राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यह केवल एक कालखंड नहीं बल्कि स्पष्ट विजन, दृढ़ संकल्प और आधुनिक भारत के निर्माण का एक ऐतिहासिक अध्याय है।"

नितिन नवीन ने कहा, "हर चुनौती को अवसर में बदलना, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ के संकल्प को सिद्ध करना और भारत को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना, प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम और अटूट संकल्प-शक्ति का प्रमाण है। राष्ट्र निर्माण के प्रति आपकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आपके यशस्वी नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक स्वप्न को साकार करने की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "आज का दिन अद्भुत, अभूतपूर्व, अकल्पनीय और ऐतिहासिक है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के मुखिया रहते हुए 25 वर्ष पूरे हुए हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के महायज्ञ तक पहुंची है। उनका परिश्रम, प्रयत्न, धैर्य और उत्साह हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनके साथ सहयोगी के रूप में काम करना अपने आप में सौभाग्य है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और वे निरंतर देश का नेतृत्व करते हुए जनकल्याण एवं विकसित भारत के निर्माण में लगे रहें।"

महाराष्ट्र के मुख्यंमत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा, "25 उपलब्धियां। एक क्रांतिकारी सफर। 2001 में एक छोटी सी शुरुआत से लेकर 2014 में देशव्यापी बदलाव और अब 2026 में वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने तक, माननीय प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का सफर महत्वाकांक्षा, बड़े पैमाने पर किए गए कार्यों और ठोस प्रगति से भरा रहा है। निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सशक्तिकरण, कल्याणकारी योजनाओं, रक्षा, उद्योग, वित्तीय समावेश और वैश्विक नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में देश की जबरदस्त प्रगति को दर्शाने वाली इन 25 अहम उपलब्धियों के बारे में जानने के लिए आगे बढ़ें!"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, "25 वर्षों की सेवा यात्रा ने राजनीति को जनसेवा और जनविश्वास को राष्ट्रनिर्माण की शक्ति बनाया। गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानसेवक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा के संकल्प को समर्पित रहा है। इस गौरवशाली अवसर पर राजस्थान की समस्त जनता की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम आपको सदैव स्वस्थ, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करें, यही मंगलकामना है।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम