Aapka Rajasthan

पीएम मोदी की एक साल सोना न खरीदने की अपील पर प्रयागराज सर्राफा व्यापारियों ने दिया समर्थन

प्रयागराज, 15 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साल तक सोना न खरीदने की अपील पर प्रयागराज के सर्राफा बाजार में मिश्रित लेकिन ज्यादातर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। व्यापारियों ने इसे देशहित में लिया दूरदर्शी कदम बताया है, हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार व्यापारियों के लिए भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था करेगी।
 
प्रयागराज के प्रसिद्ध सर्राफा बाजार में कारोबार करने वाले व्यापारियों ने आईएएनएस से बात करते हुए प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किया। एक सर्राफा व्यापारी ने कहा, "वे हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने लंबी अवधि के लिए जो कुछ कहा है, जरूर देश के हित में सोचा होगा। हमें उनका साथ देना चाहिए।"

दूसरे व्यापारी ने कहा, "प्रधानमंत्री ने यह अपील देश के हित को ध्यान में रखकर की है। चारों ओर युद्ध की स्थिति है, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव है। ऐसे में सोने की खरीदारी कम करने से देश को फायदा होगा। यह उनकी दूरदर्शी सोच को दिखाता है। हमें भी इस अपील का समर्थन करना चाहिए ताकि देश पर बुरा असर न पड़े।"

प्रयागराज सर्राफा व्यापार मंडल के सदस्यों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री की अपील का स्वागत किया। एक अन्य व्यापारी ने कहा, "हम प्रधानमंत्री के इस बयान का पूर्ण समर्थन करते हैं। उन्होंने सिर्फ रोकने की अपील नहीं की, बल्कि निश्चित रूप से व्यापारियों और जनता दोनों के लिए कोई बेहतर विकल्प भी सोचा होगा। अगर जनता एक साल तक सोना नहीं खरीदेगी तो उन्होंने हमारे लिए भी कुछ राह निकाली होगी।"

व्यापारियों का कहना है कि सोने की खरीदारी पर अस्थायी रोक से अल्पावधि में कारोबार प्रभावित हो सकता है, लेकिन देश की आर्थिक स्थिति और ऊर्जा संकट को देखते हुए यह आवश्यक कदम है। उन्होंने आशा जताई कि सरकार इस दौरान सोने के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए ठोस नीति लाएगी और स्थानीय व्यापारियों को अन्य निवेश विकल्पों में मदद करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में राष्ट्र को संबोधित करते हुए अपील की थी कि कम से कम एक साल तक अनावश्यक सोने की खरीदारी न की जाए। उन्होंने कहा था कि सोने पर खर्च होने वाला विदेशी मुद्रा भंडार अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगाया जा सकता है, खासकर मौजूदा वैश्विक संकट के समय।

--आईएएनएस

एससीएच