पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर लोगों में उत्साह, संजय सरावगी बोले- बिहार के लिए बड़ा दिन
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे बहुप्रतीक्षित 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री के दौरे को बिहार के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि वैशाली की धरती पर प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री के आने में अभी समय है, लेकिन आधा पंडाल भर चुका है। सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, बड़ी सौगात लेकर आते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत का रास्ता बिहार से होकर ही गुजरता है। प्रधानमंत्री की सभा जिस स्थान पर हो रही है, वह 1,400 एकड़ का औद्योगिक कॉरिडोर है। आने वाले समय में यहां बड़े-बड़े उद्योग स्थापित होंगे, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।
सरावगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन से एक दिन पहले लगभग दो लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए हैं। बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने बिहार में उद्योग लगाने के लिए इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि आज हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों होने वाला है।
उन्होंने नीतीश सेतु को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि यह सेतु नेपाल और उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ेगा। इसके साथ ही आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाईवे, जो बिहार का पहला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाईवे है, से यहां के लोगों को आर्थिक तौर पर भी बहुत फायदा मिलेगा।
वहीं, प्रधानमंत्री द्वारा नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर पूर्व राजद नेता शिव चंद्र राम ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि इस पुल को लाने के पीछे तेजस्वी यादव का पूरा प्रयास था। पुल के निर्माण के लिए उन्होंने दिल्ली से लेकर बिहार तक अपनी पूरी ताकत लगाई थी। उस समय वे स्वयं मंत्री भी थे।
शिव चंद्र राम ने कहा कि आज का कार्यक्रम उन्हीं के निर्वाचन क्षेत्र में हो रहा है। इसलिए वे प्रधानमंत्री को बधाई देते हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री आज बिहार को निश्चित रूप से विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा देंगे।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
