पीएम मोदी के वडोदरा दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, 35 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का होगा शुभारंभ: अरुण महेश बाबू
वडोदरा, 7 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 सितंबर को होने वाले वडोदरा दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। वडोदरा के म्युनिसिपल कमिश्नर अरुण महेश बाबू ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वड़ोदरा के लोगों को 35 हजार करोड़ रुपए की सौगात मिलने वाली है। कार्यक्रम को तकनीक आधारित कॉर्पोरेट शैली में आयोजित किया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि पीएम मोदी के दौरे से पहले वडोदरा नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सार्वजनिक सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई प्री-इवेंट कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार वडोदरा आ रहे हैं। इस बार कार्यक्रम को अनोखे तरीके से आयोजित किया गया है, जिसमें भारत सरकार, गुजरात सरकार, वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और राज्य के कई विभागों का सहयोग शामिल है। रेलवे विभाग के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की कई अन्य पहलों के तहत बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने वाली है। वडोदरा के लिए खास तौर पर रिंग रोड परियोजना के दूसरे चरण की शुरुआत होगी। इसके अलावा पानी की आपूर्ति से जुड़ी कई योजनाएं भी शुरू की जाएंगी। ये परियोजनाएं भविष्य के लिए शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अरुण महेश बाबू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। वडोदरा के सभी वर्गों के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और पीएम मोदी के विकसित भारत 2027 के संकल्प से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में करीब 6,000 लोगों के जुड़ने की संभावना है। खास बात यह है कि देश में पहली बार किसी सरकारी कार्यक्रम के लिए 'बुक माय शो' के माध्यम से बुकिंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में अनोखे विजुअल्स, अलग तरह का कंटेंट और हाईटेक कैमरा सेटअप का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें स्टोरीटेलिंग के तत्व भी शामिल होंगे, जिससे दर्शकों को ऐसा विजुअल अनुभव मिलेगा, जो इस तरह के सामान्य कार्यक्रमों के प्रारूप से काफी अलग होगा।
उन्होंने बताया कि ‘स्वच्छता से स्वागत अभियान’ के तहत शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। 6 सितंबर को वडोदरा में ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत सफाई साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से आयोजित इस रैली के माध्यम से लोगों के बीच स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
