Aapka Rajasthan

पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड पर उपराष्ट्रपति, वित्त मंत्री और वाणिज्य मंत्री ने दी बधाई, गिनाईं उपलब्धियां

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक इस पद पर रहकर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड (लगातार 4,398 दिन) को भी पीछे छोड़ दिया है।
 
पीएम मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड पर उपराष्ट्रपति, वित्त मंत्री और वाणिज्य मंत्री ने दी बधाई, गिनाईं उपलब्धियां

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक इस पद पर रहकर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड (लगातार 4,398 दिन) को भी पीछे छोड़ दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बधाई दी है।

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्रियों में सर्वाधिक समय तक निरंतर सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल लंबे कार्यकाल का प्रतीक नहीं है, बल्कि हमारी राष्ट्रीय यात्रा में एक परिवर्तनकारी युग का प्रतिबिंब है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति देखी है, चाहे वह आर्थिक विकास और आधारभूत संरचना का विस्तार हो, सामाजिक सशक्तीकरण और तकनीकी उन्नति हो या फिर वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा हमारी सभ्यतागत चेतना का पुनर्जागरण।"

उपराष्ट्रपति ने आगे कहा, "इतिहास अब्राहम लिंकन को मानव गरिमा को आगे बढ़ाने और दास प्रथा के अंत के लिए याद करता है। हमारे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समावेशी विकास के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकालने, करोड़ों परिवारों में आशा, अवसर और सम्मान को पुनर्स्थापित करने के लिए याद किया जाएगा। भारत की समृद्ध विरासत का उत्सव मनाकर, गुमनाम नायकों का सम्मान कर, सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित, औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति दिलाकर और हमारी सभ्यतागत पहचान पर गर्व को सुदृढ़ कर देशवासियों में उन्होंने एक महत्वपूर्ण आत्मविश्वास जागृत किया है।"

सी.पी. राधाकृणन कहा कि महान तमिल संत कनियन पूंगुंद्रनार के अमर वचनों “ यादुम ऊरे, यावरुम केलिर” (हर स्थान हमारा अपना है, सभी लोग हमारे परिजन हैं) का संयुक्त राष्ट्र में उनके द्वारा किया गया उद्घोष विश्व के समक्ष भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की सभ्यतागत भावना तथा सार्वभौमिक बंधुत्व और मानव एकता के उसके शाश्वत संदेश की प्रभावशाली पुनः पुष्टि थी। काशी तमिल संगमम और सौराष्ट्र तमिल संगमम जैसे उनके प्रयास, नए संसद भवन में पवित्र सेंगोल की स्थापना, चोल वंश की विरासत को सम्मान देने के लिए गंगैकोंड चोलपुरम की उनकी यात्रा, विदेशों से अमूल्य कलाकृतियों और पुरावशेषों की स्वदेश वापसी ने भारत की सनातन विरासत तथा हमारी भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और सभ्यतागत धरोहर की समृद्ध विविधता का उत्सव मनाते हुए उन सभ्यतागत बंधनों को पुनः पुष्ट किया है, जो हमारे राष्ट्र को एक सूत्र में बांधते हैं।

उपराष्ट्रपति ने कहा, "इतिहास के एक निर्णायक क्षण पर प्रधानमंत्री ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक सेवा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की क्षमताओं और आकांक्षाओं में नए आत्मविश्वास का संचार किया है और समकालीन भारत के एक सच्चे युगपुरुष के रूप में उभरे हैं। विकसित भारत 2047 की ओर अग्रसर राष्ट्र की ओर से मैं उनके निरंतर राष्ट्रसेवा हेतु अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं।"

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर लिखा, "आज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर एक रिकॉर्ड बना रहे हैं। पिछले 4399 दिनों में प्रधानमंत्री ने देश के सामने आए कई मुश्किल दौर में निर्णायक और मजबूत नेतृत्व प्रदान किया है। इस सफर के केंद्र में ‘अंत्योदय’ है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का सिद्धांत यह पक्का करता है कि विकास का फायदा हर नागरिक तक पहुंचे, चाहे वह देश या राज्य की राजधानी से कितनी भी दूर क्यों न रहता हो। यह इस बात का भी सम्मान करता है कि हर नागरिक राष्ट्र-निर्माण में योगदान देता है।"

वित्तमंत्री ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बड़े और साहसी सुधार किए हैं। सरकार ने अभूतपूर्व गति और पैमाने पर कई पहल लागू की हैं। नतीजतन, उन्हें बार-बार लोगों का भरोसा और जनादेश मिलता रहा है। यह एक ऐतिहासिक पड़ाव है क्योंकि हम ‘विकसित भारत’ की ओर मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।"

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट किया, "4,399 दिन और गिनती जारी है...आज का दिन ऐतिहासिक है. क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। पिछले 12 वर्षों में, उनके नेतृत्व में ऐसे बड़े परिवर्तनकारी सुधार हुए हैं. जिन्होंने भारत की विकास यात्रा को नई दिशा दी है। किसानों से लेकर उद्यमियों तक, महिलाओं से लेकर एमएसएमई तक, और युवाओं से लेकर मध्यम वर्ग तक, मोदी सरकार की हर बड़ी पहल का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचा है और देश भर में करोड़ों लोगों को सशक्त बनाया है। यह दिन उनके शानदार नेतृत्व का सम्मान करने का है, जिसने वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाया है और प्रधानमंत्री मोदी जी को कई प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मान दिलाए हैं। जैसे-जैसे भारत अलग-अलग क्षेत्रों में नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है, 2047 तक 'विकसित भारत' बनने की देश की यात्रा में उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व की भूमिका अहम बनी हुई है।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस