पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई: दानिश आजाद अंसारी
मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मुंबई में आयोजित आईएसीसी कॉन्क्लेव में भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और उत्तर प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव में भारत के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग शामिल हो रहे हैं और इसमें उत्तर प्रदेश से जुड़ा एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया है, जिसे संबोधित करने के लिए वह मुंबई पहुंचे हैं।
दानिश आजाद अंसारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान-सम्मान और प्रतिष्ठा बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। ट्रेड, बिजनेस और इकोनॉमिक सेक्टर में भारत की प्रगति को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। अंसारी ने कहा कि भारत आज विकास और ग्रोथ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत की तरक्की के साथ-साथ वैश्विक विकास में भी देश की भूमिका लगातार बढ़ रही है। भारत अब दुनिया की अर्थव्यवस्था और वैश्विक विकास में एक महत्वपूर्ण सहभागी के रूप में उभर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की क्षमताओं को स्वीकार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश और अमेरिका के बीच संभावित साझेदारी को लेकर दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की ग्रोथ का एक महत्वपूर्ण गेटवे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं और उत्तर प्रदेश अपनी क्षमता के दम पर देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भारत की क्षमताओं को आज पूरी दुनिया पहचान रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के लिए वैश्विक स्तर पर निवेश, व्यापार और साझेदारी के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को वैश्विक साझेदारियों के लिहाज से संभावनाओं से भरपूर राज्य बताया।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाने और देश की गुडविल मजबूत करने का काम किया है। भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता का असर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के साथ होने वाली साझेदारियों और संवाद में भी दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और दुनिया के विभिन्न देशों के साथ भारत के संबंधों में आर्थिक तथा कारोबारी सहयोग के नए आयाम सामने आए हैं। भारत की बढ़ती क्षमता के साथ उत्तर प्रदेश भी वैश्विक निवेश और साझेदारी के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी संभावनाएं तलाश रहा है।
--आईएएनएस
पीएसके
