Aapka Rajasthan

पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे, भाजपा नेताओं ने बताया विकास और गौरव का स्वर्णकाल

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने उनकी उपलब्धियों को गिनाते हुए इसे विकास, वैश्विक सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा दौर बताया।
 
पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे, भाजपा नेताओं ने बताया विकास और गौरव का स्वर्णकाल

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर देशभर में भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने उनकी उपलब्धियों को गिनाते हुए इसे विकास, वैश्विक सम्मान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा दौर बताया।

उत्तर प्रदेश से लेकर असम तक नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा काफी बढ़ी है। भारत तेजी से दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य और अन्य सभी क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने वैश्विक ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इससे निपटने का मंत्र दिया और देश की जनता बिना किसी सरकारी दबाव के उसका पालन भी कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ विपक्षी नेता गैर-जिम्मेदाराना तरीके से सवाल उठा रहे हैं, लेकिन देश हर दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों पदों पर रहते हुए ऐतिहासिक काम किए हैं। पीएम मोदी देश को लगातार दिशा और नेतृत्व देते रहें। उनके नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह ने पीएम मोदी के 12 वर्षों को राजनीति का 'द्वितीय युग' बताया। उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस 64-65 वर्षों में नहीं कर सकी। वह प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में कर दिखाया। एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे होने पर पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरा कार्यकाल भारत के स्वर्णकाल के रूप में याद किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना ऐसे नेता से की जो सदियों में एक बार जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर में भारत के सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ाया है। दया शंकर सिंह ने कहा कि आज जब दुनिया के दो देशों के बीच संघर्ष होता है, तब भारतीय तिरंगा लेकर बाहर निकलते हैं और संघर्ष समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत को मजबूत पहचान दिलाई है और देश के लोग उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी को 'इतिहास पुरुष' बताया। उन्होंने बड़ा मंगलवार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा बजरंगबली का आशीर्वाद प्रधानमंत्री मोदी पर बना हुआ है और उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद लगातार इतिहास रचने का काम किया है।

वहीं, असम के भाजपा विधायक भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना कोई साधारण बात नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास, प्रगति और शांति के साथ 12 साल पूरे किए हैं, खासकर पूर्वोत्तर राज्यों में शांति बहाल होती दिखाई दे रही है।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य बृज लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल में कई रिकॉर्ड बने हैं और लगातार नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। इस दौरान देश की सीमाएं मजबूत हुई हैं और सरकार ने अपराध, नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सीमा पार कार्रवाई कर आतंकियों को जवाब दिया गया और देश में शांति कायम होने से विकास को नई गति मिली है।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी