पीएम मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में एक महीने तक चलेगा 'सेवा समर्पण' अभियान, रविवार को हुआ कार्यशाला का आयोजन
अहमदाबाद, 6 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 साल के जन-सेवा कार्य के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित कर रही है। इसी क्रम में गुजरात में एक महीने तक 'सेवा समर्पण' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए रविवार को कर्णावती महानगर में एक कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यालय में गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने आने वाले कार्यक्रमों की सफलता के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन दिया। इस कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता भी उपस्थित रहे।
गुजरात में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 साल के जन-सेवा कार्य के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा समर्पण' कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके तहत 13 कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिनमें एक लाख दीये जलाना, नुक्कड़ नाटक और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए सभी 48 वार्डों में विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।
इन कार्यक्रमों में 17 सितंबर को 1 लाख दीप प्रज्वलन का आयोजन अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ और आगेवानों की भागीदारी से किया जाएगा। सभी 48 वार्डों में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियां 30 दिनों तक चलेंगी।
भाजपा अहमदाबाद शहर के महासचिव उमंग नायक ने कहा कि आने वाले दिनों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहर और देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनकी 25 साल की सेवा और समर्पण को मनाने के लिए होंगे। उसी के अंतर्गत कर्णावती महानगर में आज का कार्यक्रम रखा गया है।
भाजपा नेता उमंग नायक ने कहा, "13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में और 12 वर्ष प्रधानमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी जी ने जन-सेवा की है। हमारा उनके इस जन समर्पण भाव को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
