पीएम मोदी के आह्वान का छत्तीसगढ़ के सीएम ने किया समर्थन, विपक्ष ने भी दी प्रतिक्रिया
रायपुर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजयादशमी पर दिए बयान को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री के आह्वान का समर्थन करते हुए व्यर्थ की बातों पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि देश के युवाओं, किसानों और महिलाओं को एनडीए और पीएम मोदी पर भरोसा है।
पीएम मोदी के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "वो 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले 13 वर्षों तक सीएम के रूप में भी देखा है। गुजरात में उन्होंने जो काम किया, वो पूरे देश में गुजरात मॉडल के रूप में विख्यात हुआ। आज जब वो पीएम हैं तो पूरे 140 करोड़ भारतवासियों के विकास के लिए काम करते हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, ये उनका नारा है। प्रधानमंत्री रात-दिन उनकी चिंता करते हैं, इसलिए व्यर्थ की बातों में न जाकर वास्तविकता पर जाना चाहिए।"
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि इस देश के युवा, जनता, किसान और माताओं-बहनों को एनडीए, भारतीय जनता पार्टी और हमारे सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निजी लाभ के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश और हम सभी के सपनों को पूरा करने के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने अपने लिए एक छोटी सी झोपड़ी तक नहीं बनाई है। उनका एकमात्र ध्यान राष्ट्र के विकास पर है।
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत अच्छी बात की। आप बहुत ताकतवर आदमी हैं। आप सिर्फ जुबान से कहकर नहीं, करके दिखाइए। आपके मंत्री नितेश राणे को मंत्रिपद से सस्पेंड कीजिए। वो धर्म के नाम पर गालियां देते हैं। उन्हें सस्पेंड कीजिए और मैं तालियां बजाऊंगा।
एआईएमआईएम को लेकर उन्होंने कहा कि हैदराबाद के हालात इतने खराब हैं कि जहां ये लोग सांसद हैं, वहां नालियां बह रही हैं और लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन जी रहे हैं। आप चाहते हैं कि मुसलमान दरी बिछाते रहें, जबकि आप अच्छे बंगलों में रहें, यही आपकी मंशा है। आपने आजम भाई के लिए किस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया? बस अपना वीडियो निकाल लीजिए, क्या होता अगर आजम भाई की बेटी होती, 'आजम खान तुम ऐसे हो, आजम खान तुम वैसे हो।' आज आप वही काम कर रहे हैं जो हम गली-मोहल्लों में नाटक करने वाले, नौटंकी करने वालों को करते देखते हैं।"
--आईएएनएस
केके/वीसी
