Aapka Rajasthan

पीएम मोदी का विरोध करते-करते अब देश विरोध पर उतर आए हैं राहुल गांधी : एनडीए नेता

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाए जाने के बाद एक बार फिर सियासी पारा बढ़ गया है। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत को वैश्विक चर्चाओं में अहम भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन अब वह 'साइड प्लेयर' बन गया है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी पीएम मोदी का विरोध करते-करते अब देश के विरोध पर उतर आए हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाए जाने के बाद एक बार फिर सियासी पारा बढ़ गया है। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत को वैश्विक चर्चाओं में अहम भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन अब वह 'साइड प्लेयर' बन गया है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी पीएम मोदी का विरोध करते-करते अब देश के विरोध पर उतर आए हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुंबई में भाजपा नेता राम कदम ने राहुल गांधी के बयान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कोई भी बयान या सोशल मीडिया पोस्ट उठाकर देख लीजिए, उसमें से अगर दो मिनट के लिए उनका नाम हटा दिया जाए और किसी सामान्य व्यक्ति से पूछा जाए कि यह बयान किसने दिया होगा, तो पाठशाला में पढ़ने वाला एक सामान्य बच्चा भी यही कहेगा कि यह बयान पाकिस्तान में बैठे किसी भारत-विरोधी व्यक्ति ने दिया है। राहुल गांधी के हर वक्तव्य से पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों के आका खुश होते हैं। आखिर ऐसा क्यों होता है, यह सवाल देश की जनता पूछ रही है।

राम कदम ने कहा कि राहुल गांधी को इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए कि पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। जिस समय कांग्रेस की सरकार थी, उस समय भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथे स्थान पर पहुंचा और अब बहुत जल्द तीसरे स्थान पर पहुंचने वाला है। क्या राहुल गांधी इस उपलब्धि को भी दरकिनार करेंगे? क्या वे इस सच्चाई से भी मुंह मोड़ेंगे?

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की पीड़ा यही है कि कांग्रेस के कार्यकाल में जो काम नहीं हो सका, वह पीएम मोदी के कार्यकाल में हो रहा है। आज विश्वभर से भारत को प्रशंसा मिल रही है, सम्मान मिल रहा है और पुरस्कार मिल रहे हैं। यह सम्मान किसी एक पार्टी या किसी एक सरकार का नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। राहुल गांधी की बुद्धि इतनी छोटी हो गई है कि वे इस मूल बात को समझ नहीं पा रहे हैं। मोदी-विरोध करते-करते वे विदेश की धरती पर खड़े होकर भारत का विरोध कर रहे हैं और पाकिस्तान के आतंकवादियों के आकाओं को खुश कर रहे हैं।

राम कदम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत के सम्मान में आए बदलाव को एक सामान्य नागरिक भी महसूस कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति विदेश जाता है और वहां पासपोर्ट सौंपता है, तो 12 वर्ष पहले इमिग्रेशन अधिकारी की नजरों और आज की बदली हुई नजरों में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। आज दुनिया भारत को सम्मान की दृष्टि से देखती है। भारत का दुर्भाग्य केवल इतना है कि उसे ऐसा नेता प्रतिपक्ष मिला है, जो विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने के बजाय भारत-विरोधी नेता बनता जा रहा है। विपक्ष के नेता का काम सकारात्मक आलोचना करना और सुझाव देना होता है, लेकिन राहुल गांधी इस भूमिका को भूल चुके हैं।

शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विदेशों में जाकर बच्चों से मिलना और उनसे बात करना—इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं है। यह एक अच्छी बात है। लेकिन सवाल-जवाब को पहले से तय करके, पाकिस्तान की बात करवाकर और बीच में यह संदेश देकर कि मैं बहुत बड़ा देशभक्त हूं, असलियत को छिपाया नहीं जा सकता। जब राहुल गांधी अपने देश में आते हैं, तो यहां अराजकता फैलाने, हिंसा करने और दंगा करने की योजना बनाने वालों का साथ देते हैं और दिमागी नक्सलियों की मदद करते हैं। ऐसे कामों में वे हमेशा शामिल रहते हैं। और जब विदेश जाते हैं, तो दिखाते हैं कि वे बहुत बड़े देशभक्त हैं।

आनंद दुबे ने कहा कि जापान के लोग पाकिस्तान के बारे में सवाल पूछ रहे हैं कि क्या पाकिस्तान और भारत के संबंध भविष्य में अच्छे होंगे। भारत के किसी बच्चे को या विदेश के किसी बच्चे को पाकिस्तान से क्या लेना-देना है? पाकिस्तान अपने ही दुखों के बोझ तले दबा हुआ है। वह खुद पस्त पड़ा है। वह क्या मध्यस्थता करेगा? वह क्या ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम करवाएगा? जिस देश में खुद गृह युद्ध जैसी स्थिति हो, जहां अराजकता फैली हो और जो भुखमरी का शिकार हो, वह पाकिस्तान भारत से अपनी तुलना कर रहा है।

भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने भी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी कुंभकर्ण की नींद सोए थे, शायद कुंभकर्ण से भी ज्यादा। कुंभकर्ण तो छह महीने में उठ जाता था, लेकिन राहुल गांधी तो ऐसा लगता है कि पिछले 12 वर्षों से सोए हुए थे। उन्हें पता ही नहीं चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक वैश्विक शक्ति बनकर उभर गया है।"

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि ईरान और इजरायल के बीच युद्ध चरम पर था। दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे थे। उस समय भी ईरान ने अपने बयान में कहा कि भारत उसके पांच सबसे विश्वसनीय मित्रों में आता है। वहीं इजरायल ने कहा कि भारत हमारा 'ऑल वेदर फ्रेंड' है, जिसने हमेशा साथ दिया है। रूस और यूक्रेन के युद्ध में भी यूक्रेन हमेशा चाहता था कि भारत मध्यस्थता करे। इससे पता चलता है कि भारत अब एक अंतरराष्ट्रीय शक्ति बन चुका है और दूसरे देश भारत की ओर देखते हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कैसे अलग-थलग पड़ गया है, इस पर भी विचार करना चाहिए। जिस समय 'ऑपरेशन सिंदूर' हुआ, भारत ने सीमा पार आतंकवादी हमलों के लिए जिम्मेदार शिविरों पर हमला किया, तो पाकिस्तान के समर्थन में सिर्फ दो या तीन देश आए, जबकि पूरे विश्व ने भारत का समर्थन किया। वहीं 1971 के युद्ध के समय एक सौ देशों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में मतदान किया था। यह बदलते भारत की बुलंद तस्वीर है। जो व्यक्ति कुंभकर्ण का शिष्य हो और लंबे समय तक सोता रहे, उसे यह पता ही नहीं चलेगा कि देश कैसे बदल गया है। ऐसे व्यक्ति के बारे में क्या ही कहा जाए।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस