पीएम मोदी 17 जुलाई को जींद में दिखाएंगे हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी: रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 7 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे को लेकर कहा कि 17 जुलाई का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी जींद में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। दौरे के दौरान कई नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किए जाने की संभावना है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर भी निशाना साधा और हांसी के चनोत गांव में पानी की समस्या को लेकर विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया।
रणबीर गंगवा ने कहा कि पूरे हरियाणा के लिए यह गर्व और खुशी का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रदेश का दौरा करने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव रहा है और उनका हर दौरा प्रदेश के लिए नई सौगातें लेकर आता है। प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद पहुंचकर भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी।
यह परियोजना देश के रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान केवल हाइड्रोजन ट्रेन ही नहीं, बल्कि कई अन्य विकास योजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। पीएम मोदी जब भी हरियाणा आते हैं, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है और प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिलती हैं। पूरा हरियाणा प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए उत्साहित है और लोग उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त के प्रदेश दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए रणबीर गंगवा ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है कि वह किसे प्रभारी बनाती है और कौन प्रदेश का दौरा करता है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आज नेतृत्वविहीन और गुटबाजी से जूझ रही है। कांग्रेस के भीतर विभिन्न गुटों के बीच न तो विचारों का तालमेल है और न ही नेतृत्व को लेकर एकजुटता दिखाई देती है। ऐसी स्थिति में किसी नए प्रभारी के आने से पार्टी की हालत में कोई विशेष सुधार होने वाला नहीं है। कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास खो चुकी है और यही कारण है कि उसका राजनीतिक आधार लगातार कमजोर होता जा रहा है। आने वाले समय में कांग्रेस का जनाधार और भी घटेगा।
हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के चनोत गांव में पानी की समस्या को लेकर चल रहे ग्रामीणों के धरने और विपक्ष के आरोपों पर भी रणबीर गंगवा ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के आरोप लगा रहा है और केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से ग्रामीणों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। राज्य सरकार ने पहले दिन से स्पष्ट कर दिया था कि चनोत गांव के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाएगी। गांव में पानी की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
गंगवा ने बताया कि समस्या की असली वजह लगातार बढ़ा जलस्तर है। दादरी, भिवानी और हिसार क्षेत्रों में भूजल स्तर बढ़ने के कारण भूमिगत पानी और नहरी पानी आपस में मिल गए, जिससे जल भंडारण टैंक की तली क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसी स्थिति केवल चनोत गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा में लगभग 300 जल टैंक इस प्रकार की समस्या से प्रभावित हुए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इन सभी टैंकों की मरम्मत के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। चनोत गांव के जल टैंक के पुनर्निर्माण के लिए 7.5 करोड़ रुपए का टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अमृत योजना के तहत जिस नहर से पानी की आपूर्ति की जा रही है, उसी से चनोत गांव के लिए अलग पाइपलाइन भी बिछाई जा रही है। इसके पूरा होने के बाद गांव में पेयजल की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग और विपक्षी दलों के कार्यकर्ता ग्रामीणों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार लगातार समाधान की दिशा में काम कर रही है। चनोत गांव के लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या राजनीतिक बयानबाजी पर ध्यान न दें। गांव को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी
