पीएम मोदी गुरुवार को चेन्नई दौरे पर, 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
चेन्नई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का दौरा करेंगे। इस दौरान वह 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इन परियोजनाओं में मेट्रो रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सुबह लगभग 11:30 बजे पूनामल्ली बाईपास स्टेशन से पोरुर बाईपास स्टेशन तक चेन्नई मेट्रो में यात्रा करेंगे और वापस लौटेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 12:15 बजे वह चेन्नई के जलकंडेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। प्रधानमंत्री भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर का दौरा भी करेंगे।
दोपहर लगभग 1:30 बजे प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम लगभग 3 बजे वह जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4,900 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस हिस्से में 3.7 किलोमीटर लंबा विशेष डबल-डेकर ढांचा शामिल है। इस कॉरिडोर में बिना ड्राइवर के मेट्रो संचालन को सक्षम बनाने के लिए आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली भी स्थापित की गई है।
इस परियोजना से यात्रियों के सफर का समय कम होने और चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों तथा शहर के केंद्र के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री तमिलनाडु में लगभग 3,700 करोड़ की लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क संपर्क मजबूत करना, यात्रा का समय घटाना और यातायात जाम की समस्या कम करना है।
मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड पर 36 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले मार्ग का उद्घाटन करेंगे। इससे क्षेत्र के प्रमुख तीर्थस्थलों, औद्योगिक केंद्रों और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग-744ए के 30 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले मदुरै रिंग रोड खंड का भी उद्घाटन किया जाएगा। इससे मदुरै शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरुर बाईपास के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे। इससे शहर के आसपास यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
प्रधानमंत्री 750 करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें कराइकल-पेरालम रेलवे लाइन और कोयंबटूर तथा आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल फ्लाईओवर शामिल हैं। इन परियोजनाओं से रेल संपर्क मजबूत होने के साथ व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग पर जाम और प्रतीक्षा समय कम होने की उम्मीद है।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित पांच रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इनमें पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमाकुडी और नमक्कल स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया गया है।
प्रधानमंत्री चेन्नई पोर्ट, कामराजार पोर्ट और वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट पर कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनका उद्देश्य माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाना, समुद्री परिवहन को मजबूत करना और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
चेन्नई पोर्ट पर चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें पक्का भंडारण यार्ड, चार निर्यात-आयात गोदाम, आधुनिक क्रूज टर्मिनल और सीफेयरर्स क्लब शामिल हैं। इन सुविधाओं से माल के भंडारण और प्रबंधन में सुधार होगा तथा क्रूज यात्रियों और समुद्री कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं, कामराजार पोर्ट पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा, कंटेनर टर्मिनल के पहले चरण के दूसरे हिस्से के लिए पूंजीगत ड्रेजिंग कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की मनाली रिफाइनरी में ग्रुप-टू और ग्रुप-तीन ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स परियोजना की आधारशिला रखेंगे। लगभग 1,620 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना की वार्षिक उत्पादन क्षमता 2.70 लाख मीट्रिक टन होगी। इसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले लुब्रिकेंट्स के निर्माण के लिए आवश्यक ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स का घरेलू उत्पादन बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वह एक वैश्विक वैज्ञानिक मिशन की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का कोशिकीय स्तर पर त्रि-आयामी मानचित्र तैयार करने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री जयगोपाल गारोडिया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी भाग लेंगे। यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के 50 वर्षों के योगदान का प्रतीक है। स्कूल ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों को शिक्षित किया है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा तमिलनाडु में परिवहन, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, समुद्री व्यापार और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्र सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
एसएके/एएस
