पीएम किसान सम्मान निधि योजना से साहिबगंज के किसानों को राहत, खाद-बीज खरीदने में हो रही सुविधा
साहिबगंज, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ झारखंड के साहिबगंज जिले के किसानों को मिल रहा है। जिले के सदर प्रखंड और डीहारी गांव के किसानों का कहना है कि इस योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता ने खेती-किसानी को पहले की तुलना में आसान बनाया है। खेती करने के लिए किसानों को अब कर्ज लेने की मजबूरी पहले जैसी नहीं रही, वो समय पर खाद-बीज खरीदकर फसल की बुआई कर पा रहे हैं।
साहिबगंज सदर प्रखंड के किसान दिलीप ओझा और उदय चंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से काफी राहत मिली है। साल में तीन किस्तों में मिलने वाली छह हजार रुपए की सहायता राशि से खेती की तैयारियां समय पर हो जाती हैं। पहले आर्थिक तंगी के कारण खेती प्रभावित होती थी और कई बार दूसरों से उधार लेकर खेती करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह राशि सीधे बैंक खाते में आने से बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त हो गई है।
किसानों ने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली सम्मान निधि से खेती की लागत का एक हिस्सा आसानी से पूरा हो जाता है। इससे समय पर खाद, बीज और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीदने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी किसानों के हित में इसी तरह की नई योजनाएं लाई जाएंगी।
डीहारी गांव के किसान दिलीप ओझा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से मिलने वाली 2 हजार रुपए की प्रत्येक किस्त किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। साल में तीन बार मिलने वाली कुल 6 हजार रुपए की राशि से खेती के कई जरूरी कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं। यदि किसानों के लिए भविष्य में और नई योजनाएं लागू की जाती हैं तो उसका भी लाभ मिलेगा। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पहले खेती के लिए उन्हें दूसरों से कर्ज लेना पड़ता था, जिस पर भारी ब्याज देना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है, जहां हर साल फसल डूबने का खतरा बना रहता है और कई बार नुकसान का पूरा मुआवजा या बीमा भी नहीं मिल पाता। ऐसे में किसान सम्मान निधि से मिलने वाली राशि खेती के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन गई है।
उन्होंने योजना की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के हित में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के लिए आगे भी इसी तरह की कल्याणकारी योजनाएं जारी रहनी चाहिए, ताकि खेती को और अधिक मजबूती मिल सके।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम
