पीएम मोदी के कहने पर फिर से 'वंदे मातरम' रिकॉर्ड कर रहे अनूप जलोटा, तैयार कर रहे भजन गायकों की फौज
बीकानेर, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के बीकानेर में भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर 'वंदे मातरम' को फिर से रिकॉर्ड कर रहे हैं।
बीकानेर में एक विशेष सांस्कृतिक सौगात के रूप में एक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 'भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा की संगीत संध्या' में शामिल होने के लिए पहुंचे। इस दौरान अनूप जलोटा ने बातचीत में कहा कि पाश्चात्य संगीत बहुत अच्छा संगीत है। हमारा संगीत मन को खुश करता है, जबकि पाश्चात्य संगीत से हमारी टांगें हिलती रहती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वेस्टर्न म्यूजिक आपको बस पैर थिरकाने पर मजबूर कर देता है, जबकि इंडियन म्यूजिक आत्मा को छू जाता है।
'वंदे मातरम' को लेकर अनूप जलोटा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आदेश दिया है कि मैं पूरा 'वंदे मातरम' रिकॉर्ड करूं, क्योंकि इसको 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। फिलहाल मैं इसी पर काम कर रहा हूं।
'मिशन 500' के बारे में अनूप जलोटा ने कहा कि हमने एक मिशन शुरू किया है, जिसके तहत हम पूरे विश्व में 500 भजन गायकों को तैयार कर रहे हैं, जो अच्छे से भजन गाएंगे। अपने नए भजन पर अनूप जलोटा ने कहा कि मैंने कुछ दिन पहले नया भजन लिखा है। उन्होंने इसे 'तुलसी की रामायण बोल' गुनगुनाया भी।
अनूप जलोटा को आईटीएफएस अवार्ड्स 2025 में मशहूर पद्म श्री महेंद्र कपूर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उनके साथ मशहूर सिंगर सुदेश भोसले और कई दूसरे मशहूर आर्टिस्ट भी थे। जलोटा ने गर्व जताते हुए कहा, "महेंद्र कपूर के नाम पर अवार्ड मिलना बहुत सम्मान की बात है। उनके गाने भारतीयों के दिलों में बसे हुए हैं और गहरी भक्ति जगाते हैं।"
अनूप जलोटा ने 2018 में पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 12 में एंट्री कर सबको हैरान कर दिया था। फैंस उन्हें अपनी पर्सनैलिटी का एक ऐसा साइड दिखाते हुए देखकर बहुत हैरान थे, जो पहले कभी नहीं देखा गया था।
--आईएएनएस
एएमटी/पीएसके
