'पीएम के आगमन पर उत्साह का माहौल', प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया
पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम 'नीतीश सेतु' (कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल) का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वे जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के बिहार दौरे को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा, "प्रधानमंत्री बिहार के लिए हजारों करोड़ की सौगात देने वाले हैं। उनका आगमन विकसित बिहार बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।"
बिहार सरकार में मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, "प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हम लोग तैयार हैं। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पीएम का पहली बार बिहार आगमन हो रहा है, इसलिए उनके आगमन को लेकर जोश और बढ़ गया है। प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं तो वे राज्य के लोगों को बड़ी-बड़ी सौगातें देते हैं। इस बार वे 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही कई विभागीय योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उनका बार-बार बिहार आना वरदान है।"
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "बिहार के बहुत ही उपयोगी पुल का पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप निर्माण हो चुका है। मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार के नाम से ही पुल का नाम रखा है। प्रधानमंत्री मोदी इस पुल का उद्घाटन करेंगे। हम सभी लोग इसकी तैयारी में लगे हुए हैं। पीएम के बिहार आगमन पर बहुत ही उत्साह का माहौल है।"
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में कई योजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं।"
बता दें कि बिहार में गंगा नदी पर बना एक और भव्य पुल राज्य की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए तैयार है। कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बना छह लेन का 'नीतीश सेतु' तैयार हो गया है। करीब 5,571 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही राजधानी पटना पर यातायात का दबाव कम होने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
