पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों को सौंपे जाएं स्वीकृति पत्र, शिवराज बोले- ' बिहार में चलता रहेगा विकास का महायज्ञ'
पटना, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को 11.18 लाख से अधिक आवासों के स्वीकृति पत्र सौंपे जाएंगे। पटना पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के विकास और जनकल्याण का महायज्ञ निरंतर चलता रहेगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "आज बिहार की इस पवित्र धरती पर खड़े होकर मेरा मन अपार खुशी और आनंद से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश के हर गरीब भाई-बहन को पक्का घर देने का संकल्प लिया है। आज मुझे यह बताते हुए विशेष खुशी हो रही है कि बिहार के उन भाई-बहनों के लिए 11 लाख से अधिक घरों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है, जो कच्चे घरों में रह रहे हैं। उन्हें सिर पर पक्की छत और अपना घर मिलेगा और उनके सपने पूरे होंगे।"
उन्होंने कहा, "मैं बिहार सरकार को बधाई देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बिहार ने समृद्ध होने का फैसला लिया है। फसलों को अगर नुकसान होगा तो योजना के अंतर्गत उसकी भरपाई हो पाएगी। पीएम आशा (प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान) के तहत भी बिहार ने इस बार मसूर की खरीदी की है। किसान-आईडी बनाने में भी बिहार देश का अग्रणी राज्य है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के विकास और जनकल्याण का महायज्ञ निरंतर चलता रहेगा।"
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "डबल इंजन की सरकार का 'सबका साथ, सबका विकास', ये भाव जमीन पर उतर रहा है। बिहार के अंदर गरीबों को आवास और 11 लाख नए लोगों के लिए आवास की व्यवस्था के बारे में ग्रामीण विकास मंत्री की ओर से आज कहा गया है और निश्चित रूप से बिहार के अंदर एक बड़ा परिवर्तन होगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
