पीएम के इटली में टॉफी बांटने वाली राहुल गांधी की पोस्ट पर बोले पीयूष गोयल, "भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों"
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के इटली में टॉफी बांटने वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए पूछा- "आपको भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों है?"
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार को इटली दौर पर प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत में बनी टॉफी 'मेलोडी' देने पर राहुल गांधी ने कहा था कि "आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं!"
इस पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर गोयल ने कहा, "राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों है?
भारत आज मेड इन इंडिया और लोकल गोज्स ग्लोबल के माध्यम से दुनिया का ट्रस्टेड डेस्टिनेशनल बना है, लेकिन कांग्रेस को हर भारतीय उपलब्धि में समस्या ही दिखाई देती है।
जिस वैश्विक सम्मान, निवेश और भरोसे के लिए देश दशकों तक इंतजार करता रहा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अर्जित कर रहा है तो वह राहुल गांधी से सहन नहीं हो रहा है।"
इटली दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की अपनी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट भेंट किया। इस गिफ्ट के लिए मेलोनी ने उन्हें धन्यवाद भी दिया।
इतालवी पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर 12 सेकंड की वीडियो क्लिप साझा की। जिसमें वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिख रही हैं।
इस क्लिप में वो कह रही हैं, "प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं जो बहुत स्वादिष्ट हैं।"
इसके बाद उनकी दाईं तरफ खड़े पीएम मोदी टॉफी का पैकेट उठाते हैं जिस पर लिखा है'मेलोडी'।
पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे हैं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
--आईएएनएस
एबीएस/
