पीलीभीत में डंपर की टक्कर से कार सवार तीन की मौत, दो की हालत नाजुक
लखनऊ, 28 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से सोमवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई, जहां एनएच-730 पर डंपर और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में तिवारी पेट्रोल पंप के पास पिपरिया मोड़ पर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, उत्तराखंड के सितारगंज थाना क्षेत्र के शक्तिफार्म निवासी परिवार कार से पलिया क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान सामने से आए डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में साधना गायन, उनकी सास और कार चालक तारक की मौत हो गई।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी पूरनपुर पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को यूपी 112 को दिन के 12 बजे के आसपास थाना पूरनपुर से सूचना प्राप्त हुई कि पिपरिया मोड़ पर एक कार और डंपर के बीच एक्सीडेंट हो गई है।
इसकी जानकारी मिलते ही सूचना अधिकारी और एसएचओ पूरनपुर द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि कार में 5 लोग सवार थे। सभी घायलों को उपचार हेतु नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भेजा गया, जिसमें से 3 व्यक्तियों की मौत हो गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस शख्स के द्वारा एक्सीडेंट हुआ है, उसको पुलिस के द्वारा हिरासत में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। घायल व्यक्ति और मृतकों की पहचान सितारगंज निवासी के रूप में हुई, जो सितारगंज से गोला की तरफ जा रहे थे और जिस डंपर से एक्सीडेंट हुआ है, वह विपरीत दिशा में जा रहा था।
मृतकों के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। परिवारिक जनों को सूचना दे दी गई है और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था संबंधित कोई समस्या नहीं है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
