Aapka Rajasthan

पिछले दो मैच हमारे लिए बहुत अच्छे रहे, यह सीरीज जीत हमारे लिए राहत की बात: तिलक

हरारे, 26 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 में 90 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने माना कि पिछली दो सीरीज में हार के बाद मिली यह जीत टीम के लिए बड़ी राहत है।
 

हरारे, 26 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 में 90 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने माना कि पिछली दो सीरीज में हार के बाद मिली यह जीत टीम के लिए बड़ी राहत है।

तिलक ने कहा कि हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टीम का शानदार प्रदर्शन मजबूती से वापसी करने के इरादे को दिखाता है। दूसरे टी20 में तिलक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में भी एक विकेट अपने नाम किया। बीसीसीआई द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में तिलक ने कहा, "यह हमारे लिए काफी राहत की बात है। अगर आप देखें, तो पिछली दो सीरीज हमारे पक्ष में नहीं रहीं। मगर खासकर जिस तरह से हमने पिछले दो मैच खेले हैं, वह वाकई बहुत अच्छा रहा है।"

कप्तान श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद क्रीज पर आए तिलक ने ईशान किशन के साथ 94 रनों की अहम साझेदारी की। किशन ने 44 गेंदों पर 81 रनों की शानदार पारी खेली। बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक ने कहा कि किशन के आक्रामक अंदाज ने उन्हें भी लगातार अटैक करने का आत्मविश्वास दिया।

उन्होंने कहा, "मैंने बस अपना पोस्चर सही रखा और खुद पर भरोसा बनाए रखा। मुझे कुछ अच्छी बाउंड्री मिलीं और उसके बाद मैं आगे बढ़ता रहा। मैं ईशान के बारे में कहना चाहता हूं कि जिस तरह से उन्होंने खेला, उसे देखना शानदार था। पहली ही गेंद से उन्होंने अपना इरादा जाहिर कर दिया और वहां से उस लय को बनाए रखना जरूरी था।"

तिलक ने कप्तान श्रेयस अय्यर के 25 रनों के योगदान की भी अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि इससे पारी के बाद के हिस्से में उनके और किशन के तेजी से रन बनाने के लिए एक मजबूत आधार तैयार हुआ। उन्होंने आगे कहा, "अय्यर की छोटी, लेकिन अहम पारी भी टीम के लिए जरूरी थी। वहां से मैं बस पूरे ओवरों के दौरान उस लय को बनाए रखना चाहता था। मैं ईशान से यही बात कर रहा था कि मैं ग्राउंड के सामने अच्छे शॉट्स खेलने की कोशिश करूंगा।"

अपनी बैटिंग के अलावा, तिलक ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया; उन्होंने रयान बर्ल को आउट किया और अपने दो ओवरों में सिर्फ 9 रन दिए। 23 साल के इस खिलाड़ी ने कहा कि वह टीम के लिए एक बेहतर ऑलराउंडर बनने के लिए अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

तिलक ने कहा, "सच कहूं तो, मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह पहली ही गेंद से आक्रामक खेलेंगे। बात यह है कि मैं अपनी गेंदबाजी पर बहुत मेहनत कर रहा हूं। अगर आप टीम के लिए दो या तीन ओवर डालते हैं, तो इससे बहुत मदद मिलती है। अभी मेरे दिमाग में यही बात है। आगे चलकर, मेरा लक्ष्य टीम को कम से कम दो या तीन ओवर देना है, क्योंकि इससे टीम के कॉम्बिनेशन में मदद मिलती है।"

--आईएएनएस

एसएम/एएस