पेइचिंग बना ह्यूमनॉइड रोबोट क्रांति का केंद्र, प्रयोगशालाओं से निकलकर वास्तविक दुनिया में उतर रहे बुद्धिमान रोबोट
बीजिंग, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रोबोटिक्स के क्षेत्र में चीन एक नई छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है। अब लक्ष्य केवल औद्योगिक रोबोट विकसित करना नहीं, बल्कि ऐसे ह्यूमनॉइड (मानवाकार) रोबोट तैयार करना है जो इंसानों की तरह सोच सकें, सीख सकें और वास्तविक परिस्थितियों में विभिन्न कार्यों को अंजाम दे सकें।
इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को साकार करने के लिए पेइचिंग तेजी से अनुसंधान, प्रशिक्षण, विनिर्माण और व्यावसायिक उपयोग का एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहा है।
पेइचिंग में स्थित ह्यूमनॉइड रोबोटिक्स इनोवेशन सेंटर का प्रशिक्षण आधार इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है। यहां घर, सुपरमार्केट, कार्यालय, अस्पताल और औद्योगिक इकाइयों जैसे वास्तविक वातावरण तैयार किए गए हैं, जहां रोबोट्स को रोजमर्रा के कार्य करना सिखाया जाता है।
उदाहरण के लिए, रोबोट्स को वस्तुएं उठाना, उन्हें सही स्थान पर रखना और अलग-अलग परिस्थितियों में उसी कार्य को दोहराना सिखाया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान वस्तुओं की स्थिति और क्रम लगातार बदला जाता है ताकि रोबोट केवल एक प्रक्रिया याद न करें, बल्कि अलग-अलग परिस्थितियों में निर्णय लेना भी सीखें।
विशेषज्ञों का मानना है कि ह्यूमनॉइड रोबोट के विकास में सबसे बड़ी चुनौती उच्च गुणवत्ता वाले वास्तविक दुनिया के डेटा का संग्रह है। बड़े भाषा मॉडल जहां इंटरनेट पर उपलब्ध विशाल पाठ्य सामग्री से सीख सकते हैं, वहीं रोबोट्स को भौतिक दुनिया में वस्तुओं और वातावरण के साथ संवाद करना सीखना पड़ता है। इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण केंद्र प्रतिदिन सैकड़ों घंटे का डेटा तैयार कर रहा है, जिसका उपयोग रोबोट्स की क्षमताओं को लगातार बेहतर बनाने में किया जा रहा है।
पेइचिंग केवल अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े पैमाने पर ह्यूमनॉइड रोबोट के उत्पादन की दिशा में भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में शुरू हुई एक नई सुपर फैक्ट्री विभिन्न रोबोट कंपनियों के लिए निर्माण, असेंबली और परीक्षण सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
शुरुआती चरण में इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता दस हजार रोबोट की है, जिसे आने वाले वर्षों में कई गुना बढ़ाने की योजना है। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू होने के साथ ही रोबोट्स की कीमत में उल्लेखनीय कमी आएगी और उनका व्यावसायिक उपयोग तेजी से बढ़ेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
