पहला टेस्ट: नजमुल की शानदार बल्लेबाजी, पाकिस्तान की 104 रन से हार, बांग्लादेश ने बनाई लीड
ढाका, 12 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच को 104 रन से अपने नाम किया। दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी के लिए बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का अगला मैच 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा।
मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम पहली पारी में महज 413 रन पर सिमट गई। इस पारी में कप्तान नजमुल हुसैन ने 2 छक्कों और 12 चौकों के साथ 101 रन की पारी खेली, जबकि मोमिनुल हक ने 91 रन टीम के खाते में जोड़े। मुशफिकुर रहीम ने 71 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से मोहम्मद अब्बास ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट निकाले। हसन अली और नोमान अली को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम पहली पारी में सिर्फ 386 रन पर सिमट गई। अजान अवैस ने 103 रन की पारी खेली, जबकि अब्दुल्लाह फजल 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इनके अलावा, सलमान आगा ने 58 रन और मोहम्मद रिजवान ने 59 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट निकाले। तस्कीन अहमद और तैजुल इस्लाम को 2-2 विकेट हाथ लगे।
बांग्लादेश के पास पहली पारी के आधार पर 27 रन की बढ़त थी। अगली पारी में मेजबान टीम ने 9 विकेट खोकर 240 रन बनाए और पाकिस्तान को जीत के लिए 268 रन का लक्ष्य दिया। बांग्लादेश की तरफ से इस पारी में कप्तान नजमुल ने सर्वाधिक 87 रन बनाए, जबकि मोमिनुल हक ने 56 रन का योगदान दिया। मेहदी हसन 24 रन और मुशफिकुर रहीम 22 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में पाकिस्तान के लिए हसन अली और नोमान अली ने 3-3 विकेट हासिल किए। शाहीन अफरीदी ने 2 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद अब्बास को 1 विकेट मिला।
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम दूसरी पारी में महज 163 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम की शुरुआत खराब रही। पाकिस्तान को महज 3 के स्कोर पर इमाम-उल-हक के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद अजान अवैस ने अब्दुल्लाह फजल के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।
अब्दुल्लाह फजल 113 गेंदों में 11 छक्कों के साथ 66 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सलमान आगा ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, सऊद शकील और मोहम्मद रिजवान 15-15 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश की तरफ से नाहिद राणा ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए। तस्कीन अहमद और तैजुल इस्लाम ने 2-2 विकेट निकाले। एक विकेट मेहदी हसन के नाम रहा।
--आईएएनएस
आरएसजी
