Aapka Rajasthan

पवन कुमार साय को झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री पद की जिम्मेदारी मिली

रांची, 24 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड भाजपा में गुरुवार को बड़ा संगठनात्मक फेरबदल हुआ। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड समेत चार राज्यों का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया है, जबकि छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय को झारखंड का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है।
 

रांची, 24 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड भाजपा में गुरुवार को बड़ा संगठनात्मक फेरबदल हुआ। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड समेत चार राज्यों का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया है, जबकि छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय को झारखंड का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है।

झारखंड में इस पद पर रहे कर्मवीर सिंह को अब छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सौदान सिंह का झारखंड भाजपा संगठन से पुराना जुड़ाव रहा है। वह पहले भी प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए काम करते रहे हैं। नई जिम्मेदारी के तहत अब वह झारखंड के साथ बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी संगठनात्मक गतिविधियों का समन्वय करेंगे।

पवन कुमार साय लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्य से जुड़े रहे हैं। वह 2016 से छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके कार्यकाल में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता संपर्क और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने से जुड़े कार्यों पर जोर रहा है। अब उन्हें झारखंड में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

कर्मवीर सिंह अगस्त 2022 से झारखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ भेजा गया है। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने तीनों नियुक्तियों का स्वागत करते हुए सौदान सिंह, पवन कुमार साय और कर्मवीर सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं के संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संबंधित राज्यों में पार्टी संगठन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन में समय-समय पर दायित्व परिवर्तन पार्टी की कार्यपद्धति का हिस्सा है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सौदान सिंह को चार राज्यों का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सौदान सिंह झारखंड के संगठन से भली-भांति परिचित हैं और उनके अनुभव का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा।

मरांडी ने पवन साय को झारखंड का प्रदेश संगठन महामंत्री बनाए जाने तथा कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी मिलने पर भी शुभकामनाएं दीं। झारखंड भाजपा के अन्य नेताओं ने भी नई नियुक्तियों का स्वागत करते हुए तीनों नेताओं के सफल कार्यकाल की कामना की है।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी