Aapka Rajasthan

पटना पुलिस ने भू-माफिया संतोष डॉन को दबोचा, अवैध पिस्टल व कारतूस बरामद

पटना, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पटना पुलिस ने अपराध और संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात भू-माफिया एवं शातिर अपराधी संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, 18,900 रुपये नकद और एक सोने की चेन बरामद की है। आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, लूट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है।
 
फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने रविवार को बताया कि खुसरूपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात भू-माफिया और अपराधी संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन, जो मूल रूप से नालंदा जिले का रहने वाला है तथा उसका ससुराल खुसरूपुर थाना क्षेत्र के चुकिया गांव में है, किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर खुसरूपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच स्थित हमजापुर के समीप घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 7.62 बोर की एक अवैध पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा 18,900 रुपये नकद और एक सोने की चेन भी जब्त की गई। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने आपराधिक इतिहास की जानकारी दी। उसके खिलाफ पटना और नालंदा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार वह करीब 28 मामलों में आरोपित है तथा वर्तमान में तीन मामलों में फरार चल रहा था। इनमें भागन बीघा और बेना थाना के मामले शामिल हैं। एक मामले में उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संतोष डॉन जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रहा है और भू-माफिया के रूप में उसकी पहचान रही है।

प्रारंभिक जांच में उसके संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पटना पुलिस ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम