Aapka Rajasthan

पटना में महिलाओं ने स्कूटी रैली के जरिए एकजुटता का दिया संदेश, पीएम मोदी का जताया आभार

पटना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र की एनडीए सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार जताते हुए गुरुवार को पटना की महिलाओं ने स्कूटी रैली के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और एकजुटता का संदेश दिया।
 
पटना में महिलाओं ने स्कूटी रैली के जरिए एकजुटता का दिया संदेश, पीएम मोदी का जताया आभार

पटना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र की एनडीए सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार जताते हुए गुरुवार को पटना की महिलाओं ने स्कूटी रैली के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और एकजुटता का संदेश दिया।

पटना उच्च न्यायालय के पास स्थित आंबेडकर पार्क से स्कूटी पर सवार सैकड़ों महिलाओं के जत्थे को भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह तथा पटना की उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूटी पर सवार होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए ये महिलाएं महिला कॉलेज के रास्ते आयकर गोलंबर से मिलर स्कूल तक गईं और पुनः इनकम टैक्स स्थित जेपी गोलंबर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली समाप्त हुई।

इस दौरान महिलाएं हाथों में प्लेकार्ड और बैनर के जरिए मोदी सरकार द्वारा 106वें संशोधन के माध्यम से संसद और राज्य की विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत कर रही थीं। इस अवसर पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि विधायिका में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों का आरक्षण देश के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला कदम है। महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारी को तो सदियों से भलीभांति निभाती चली आई हैं, लेकिन अब राजनीति में भी उन्हें नए अवसर मिलेंगे। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की आवाज अब पूरे देश और प्रदेशों में सुनाई देगी।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो नारी शक्ति को सशक्त आवाज प्रदान करेगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाएगा। उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार का यह कदम महिलाओं को गौरवान्वित करने वाला है और हम सभी महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करते हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएमटी