Aapka Rajasthan

पटना में महागठबंधन की बैठक, तेजस्वी यादव का ऐलान- लोकतंत्र बचाने को लेकर चरणबद्ध आंदोलन

पटना, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया अलायंस मिलकर आंदोलन करेगा। पटना में विपक्षी दलों के महागठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई, जिसमें आगे के आंदोलन और विरोध कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
 

पटना, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए इंडिया अलायंस मिलकर आंदोलन करेगा। पटना में विपक्षी दलों के महागठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई, जिसमें आगे के आंदोलन और विरोध कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया अलायंस की दिल्ली में हुई बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम और प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद गठबंधन के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिलने का प्रयास करेगा। चार-पांच प्रमुख स्थानों पर बड़ी जनसभाएं और रैलियां आयोजित करने की भी योजना है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार से ही कथित चुनावी धांधली की शुरुआत हुई। उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात करने और भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें भाजपा को चुनाव जिताने के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जीवित लोगों के नाम काटे जाने और उन्हें मृत घोषित किए जाने के मामले सामने आए।

उन्होंने दावा किया कि राघोपुर से जुड़े ऐसे मामले को उनकी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में भी उठाया था। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले से ही चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनावी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की अवधि को एक साल से घटाकर 45 दिन कर दिया गया, जिससे कथित अनियमितताओं के सबूत सुरक्षित नहीं रह सकें।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन पैनल से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटाने और केंद्रीय मंत्री को शामिल किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कथित तौर पर पैसे बांटे गए और लोगों के खातों में राशि भेजी गई, लेकिन चुनाव आयोग ने इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने दावा किया कि सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर नहीं मिला।

इस प्रेस वार्ता में वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक मुकेश सहनी, सीपीआई (एमएल) के धीरेंद्र झा, आईपी पार्टी के अध्यक्ष आईपी गुप्ता, सीपीआई के सेक्रेटरी रामनरेश पांडे, सीपीआई (एम) के विधायक अजय कुमार और कांग्रेस पार्टी से कपिल देव प्रसाद मौजूद रहे। पटना में हुई महागठबंधन की बैठक में इंडिया अलायंस के साझा कार्यक्रमों को बिहार में प्रभावी तरीके से लागू करने और सभी घटक दलों को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

तेजस्वी यादव ने बिहार में आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर को इंडिया अलायंस के नेता और कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हर प्रखंड में आक्रोश मार्च निकालेंगे। 8 अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा। पटना में विधायक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, विधान पार्षद और वरिष्ठ नेता विधानसभा के पास से राजभवन तक मार्च करेंगे और राज्यपाल से मिलने का प्रयास करेंगे।

तेजस्वी ने कहा कि इंडिया अलायंस की प्रस्तावित बड़ी रैलियों में से एक रैली पटना में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिक मांग निष्पक्ष चुनाव और सभी दलों के लिए समान अवसर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी बढ़ रही है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई सभी विपक्षी दल मिलकर लड़ेंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी