पटना में चार लोगों की मौत मामले में बड़ा खुलासा, प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई थी साजिश
पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर शराब में जहर मिलाकर चारों को पिलाने की बात स्वीकार की है। हालांकि, शराब में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी और उससे मौत होने की आधिकारिक पुष्टि फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को बाढ़ थाना क्षेत्र के सैदपुर टोला, बेढ़ना गांव में चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। चारों शवों का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।
पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने बुधवार को बताया कि पूछताछ में लाली कुमार ने घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को वजह बताया है। उसके अनुसार, मृतक निशु कुमार का लाली की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। लाली ने यह भी बताया कि निशु के साथ शराब पीने वाले तीन अन्य लोग उसे चिढ़ाते थे। इसी वजह से उसने चारों को निशाना बनाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, लाली ने शराब में जहर मिलाने की बात कही है। जांच में यह भी सामने आया है कि शराब लाली ने रुदल कुमार से ली थी। रुदल कुमार आलू-प्याज और सब्जी बेचने का काम करता है। पुलिस के अनुसार, रुदल ने शराब एक विधि-विरुद्ध बालक से प्राप्त की थी, जिसने कथित तौर पर यह शराब सतीश उर्फ सन्नी से ली थी। पुलिस सतीश उर्फ सन्नी समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कुंदन कुमार ने बताया कि लाली कुमार इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य षड्यंत्रकर्ता और कर्ता-धर्ता बताया जा रहा है। हालांकि, जहरीले पदार्थ के कारण मौत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि एफएसएल जांच के बाद ही होगी। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
इसमें बाढ़-2 के एसडीपीओ आयुष, बाढ़ थानाध्यक्ष, हाथीदह के अंचल पुलिस निरीक्षक, मोकामा, पंडारक, सलीमपुर, सम्यागढ़, ससोरा और एनटीपीसी थानाध्यक्षों के अलावा एसआई रविंद्र कुमार, एसआई पंकज कुमार सिंह, एसआई जयप्रकाश ठाकुर और डीआईयू की टीम शामिल है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
