Aapka Rajasthan

पटना में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बैठाकर लूटने वाले ऑटो गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

पटना, 25 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में ट्रेन और बस यात्रियों को ऑटो में बैठाकर लूटने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार सभी बदमाश वैशाली जिले के रहने वाले हैं।
 
पुलिस ने इनके पास से 6 लाख 56 हजार रुपए नकद, एक बाइक, एक ऑटो और सोने-चांदी जैसे दिखने वाले जेवरात बरामद किए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि यह गिरोह लंबे समय से अगम कुआं, बाईपास, रामकृष्ण नगर और चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्रों में सक्रिय था।

गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के पास यात्रियों को अपने झांसे में लेकर ऑटो में बैठाते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान इलाकों में ले जाकर नकदी, मोबाइल, जेवरात और अन्य सामान लूट लेते थे।

उन्होंने कहा कि इस गिरोह के लोग यात्रियों से ठगी का भी काम करते थे। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी ऑटो से वैशाली फरार हो जाते थे। गिरोह का एक सदस्य ऑटो चालक की भूमिका निभाता था, जबकि अन्य सदस्य सवारी बनकर ऑटो में बैठते थे। इसके उपरांत ऑटो में बैठने वाले यात्रियों के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया जाता था तथा कभी-कभी नकली सोने के माध्यम से ठगी भी की जाती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, पटना के निर्देश में कांड के सफल उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के बाद उक्त गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार सभी अभियुक्त वैशाली जिला के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से सोने जैसे दिखने वाले दो चेन, एक जोड़ी झुमका, चार पीस चूड़ी, चांदी जैसे दिखने वाले आठ पीस चूड़ी, पांच जोड़ी पायल एवं 6.56 लाख रुपए नकद बरामद किया गया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी