पटना के दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सीएम सम्राट ने की सुख-शांति और समृद्धि की कामना
पटना, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप देवी कालरात्रि की पूजा-अर्चना के साथ ही राजधानी पटना में दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। पूजा पंडालों के खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। शहर के विभिन्न इलाकों में स्थापित पूजा पंडालों में भक्त मां दुर्गा के दर्शन और आराधना के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पटना के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को नेहरू पथ स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति, मून क्लब के पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने जगदेव पथ स्थित पूजा पंडाल में भी पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की उन्नति, खुशहाली और प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा एवं दशहरा के शुभ अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा हर्ष एवं उल्लास के पर्व हैं। दशहरा को विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है और मानव जीवन में संयम एवं आत्मिक बल का संचार करता है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के महत्वपूर्ण पर्व हैं। ये पर्व लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मां दुर्गा की आराधना बुराइयों पर विजय प्राप्त करने तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे दुर्गा पूजा एवं दशहरा का पर्व पारस्परिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द और एकता की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
राजधानी पटना में पूजा पंडालों के खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। नवरात्र के सातवें दिन देवी कालरात्रि की पूजा को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा और विजयादशमी को लेकर उत्सव का उल्लास और बढ़ने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
