पटना हाईकोर्ट में 68 असिस्टेंट पदों पर भर्ती, युवाओं के पास इस तिथि तक आवेदन का अवसर
पटना, 3 अगस्त (आईएएनएस)। उच्च न्यायालय में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, पटना-हाईकोर्ट ने एक्स-कैडर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा, 2026 के तहत एक्स-कैडर असिस्टेंट (ग्रुप-सी पद) के 68 खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
पटना हाईकोर्ट की ओर से एक्स-कैडर असिस्टेंट (ग्रुप-सी पद) के लिए जारी 68 रिक्तियों में अनारक्षित के 29, अनुसूचित जातियां (एससी) के 11, अनुसूचित जनजातियां (एसटी) का 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के 12, पिछड़ा वर्ग (बीसी) के 8 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 7 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार पटना हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने के कोर्स का डिप्लोमा/सर्टिफिकेट होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक/स्क्रीनिंग टेस्ट (केवल तभी जब आवेदकों की संख्या अधिक हो), लिखित परीक्षा, कंप्यूटर दक्षता परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/बीसी/ईबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 750 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
