Aapka Rajasthan

पटियाला में युवक की हत्या का मामला: थाने में एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पटियाला, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटियाला के डकाला इलाके में युवक को काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अगवा कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
 

पटियाला, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटियाला के डकाला इलाके में युवक को काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अगवा कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, थाना पसियाणा में मामला दर्ज किया गया है। मामले से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक को अगवा करने के बाद पटियाला-संगरूर हाईवे पर काला झाड़ टोल प्लाजा से पहले उसकी हत्या कर शव को ड्रेन में फेंक दिया गया था।

एसपी सिटी मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि जांच के दौरान जल्द ही कोई अहम सुराग मिल सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार आरोपियों की तलाश जारी है।

दूसरी ओर, इस घटना के बाद से सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पंजाब में बढ़ रहे क्राइम को लेकर सीएम भगवंत मान विपक्षी दलों के निशाने पर हैं।

पटियाला वाली घटना का जिक्र करते हुए शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब में लाशों के ढेर लग रहे हैं, लेकिन गुरु दोखी भगवंत मान की कुर्सी नहीं हिलनी चाहिए। पटियाला में दिनदहाड़े स्कॉर्पियो को टक्कर मारकर नवाब खान को किडनैप कर लिया गया, फिर संगरूर में उनकी लाश मिली। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

उन्होंने कहा कि पंजाबियों को हर दिन मारा जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री की जवाबदेही कहां है? दिल्ली के लोगों की सेवा से समय निकालकर पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान दें। पंजाब भाजपा ने सीएम भगवंत मान पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या यही 'रंगला पंजाब' है, जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी