झारखंड : पश्चिम सिंहभूम में तीन दिन से लापता 41 वर्षीय ग्रामीण का शव जंगल से बरामद
चाईबासा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र से तीन दिनों से लापता एक 41 वर्षीय युवक का शव रविवार को जंगल से बरामद किया गया है। मृतक की शिनाख्त जामबीरा गांव निवासी बारिका लागुरी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बारिका लागुरी बीते गुरुवार को किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में अपने घर से निकले थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे। जब काफी रात तक वे घर नहीं पहुंचे, तो चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर उनकी गहन तलाश शुरू की। हालांकि, काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा, जिससे परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से सहमे हुए थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शनिवार देर शाम गांव के कुछ ग्रामीण किसी काम से जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े एक शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों और गांव के अन्य लोगों को दी। खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बारिका लागुरी के रूप में की। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
टोंटो थाना की पुलिस रविवार को घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि बारिका की मौत किन परिस्थितियों और कारणों से हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए पुलिस हत्या, हादसे या अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से अनुसंधान कर रही है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
