पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने उठाए कई बड़े कदम, हवाई सेवाओं और ईंधन आपूर्ति पर विशेष ध्यान
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने हवाई सेवाओं से लेकर ईंधन आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने की प्रतिबद्धता जताई है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में नागरिक उड्डयन, पेट्रोलियम, विदेश और नौवहन मंत्रालयों ने उन प्रयासों का उल्लेख किया।
सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा नागरिकों को किसी प्रकार की घबराहट में खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निदेशक रोहित राज ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय विमानन कंपनियों को राहत देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये तक के एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) मूल्य स्थिरीकरण सहायता तंत्र को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य वैश्विक ईंधन मूल्य अस्थिरता के बावजूद हवाई सेवाओं को सुचारु बनाए रखना और यात्रियों को हवाई किराए में अचानक वृद्धि से बचाना है। यह व्यवस्था अस्थायी होगी और तीन वर्ष या फंड के समायोजन तक लागू रहेगी।
वहीं, पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश की सभी रिफाइनरियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं। पिछले तीन दिनों में 1.43 करोड़ घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए हैं। पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में छापेमारी की जा रही है, जिसमें कई एफआईआर दर्ज हुई हैं और कई डीलरों पर कार्रवाई की गई है।
विदेश मंत्रालय में अपर सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने बताया कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावास 24 घंटे सहायता सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ईरान से अब तक 25,557 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। कुवैत हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हुई है, जबकि 13 भारतीय घायल हुए हैं।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ने जानकारी दी कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी भारतीय जहाज के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। अब तक 3,474 भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया जा चुका है। सरकार ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।
--आईएएनएस
केआर/
