पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं को लेकर भाजपा में उत्साह, नेताओं ने बताया विकास का नया अध्याय
कोलकाता, 6 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। शनिवार को राज्य सचिवालय नबन्ना में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बीच हुई बैठक के बाद यह जानकारी सामने आई। इस घोषणा को भाजपा नेताओं ने बंगाल के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए राज्य के लिए नए युग की शुरुआत करार दिया है।
भाजपा नेता अरुण हल्दर ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बंगाल ने पहले कभी ऐसा नहीं देखा कि किसी सरकार के गठन के एक महीने के भीतर ही पूरे रेलवे विभाग को साथ लेकर राज्य के विकास के लिए इतनी बड़ी योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिन क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित थे, वहां अब तेजी से काम होगा। उनके अनुसार, पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों के कारण बंगाल के विकास की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब राज्य एक नए बंगाल की ओर बढ़ेगा।
भाजपा विधायक सुब्रत ठाकुर ने भी बैठक को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजनाओं और मेट्रो विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी, लेकिन कई योजनाएं विभिन्न कारणों से अटकी हुई थीं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और प्रशासनिक मंजूरियों के अभाव में कई रेल परियोजनाएं वर्षों से लंबित थीं। बैठक में इन सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और अब इनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि चिंगरीघाटा समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पिछले दो वर्षों से अटकी हुई थीं। कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां रेल संपर्क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, लेकिन परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ सकीं। अब केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से इन योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
भाजपा नेता संजय सिंह ने कहा कि अब राज्य सरकार के पास विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी और अवसर दोनों हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा गया था और प्रत्येक परियोजना की समीक्षा की गई। संजय सिंह ने कहा कि राज्य को बुलेट ट्रेन जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का लाभ भी मिलेगा तथा रेलवे से जुड़े कई बड़े निवेश आने वाले समय में दिखाई देंगे। उनके अनुसार अगले एक वर्ष में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर रेल अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करेंगी, जिसका लाभ सीधे तौर पर आम लोगों को मिलेगा।
भाजपा नेता अशोक कीर्तनिया ने कहा कि सरकार को बने अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है और राज्य के विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं की घोषणा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में जिन परियोजनाओं को पूरा नहीं होने दिया गया, उन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उनके अनुसार, आने वाले समय में बंगाल के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ अब बंगाल के लोगों को मिलने लगा है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के कारण विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वहीं भाजपा नेता शंकर गुच्छैत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बंगाल के विकास के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 लाख करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं जैसी बड़ी घोषणा किसी भी राज्य के लिए असाधारण है। उनके अनुसार रेलवे विस्तार, नए ओवरब्रिज, अंडरपास, रेल संपर्क मार्ग और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं राज्य के विभिन्न हिस्सों में शुरू की जाएंगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
