पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा का मकसद ममता को सत्ता से बाहर करना : शाहनवाज
नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। चुनाव के बाद सूबे में भाजपा की सरकार आएगी, जिसे कोई नहीं रोक पाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को आईएएनएस से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू हो चुकी है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को एक नहीं बल्कि कई मौके दिए। अफसोस की बात है कि वे इन मौकों को भुना नहीं पाईं। उनके पास काफी समय था कि वे प्रदेश की जनता के हित और विकास के लिए काम करें लेकिन, उन्होंने सिर्फ बेवजह के मुद्दों को लेकर राजनीति करना ज्यादा जरूरी समझा। आम आदमी की उपेक्षा को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। ममता बनर्जी ने अपना सारा समय चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेने में गवां दिया।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मौलिक मुद्दों के पीछे भाग रही है। वह बेवजह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीति कर रही हैं और इसे लेकर धरना दे रही हैं, जो कि किसी भी मामले में उचित नहीं है। वर्तमान हालात में पश्चिम बंगाल के हालात किसी से भी छिपे नहीं हैं।
शाहनवाज ने कहा कि ममता बनर्जी इतने सालों तक सत्ता में रही लेकिन उनके पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ भी नहीं है। पश्चिम बंगाल में जंगलराज है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। वहां पर अराजकता का माहौल है लेकिन ममता बनर्जी इन मुद्दों पर बात करने से बचती हैं। इसके विपरीत वह लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करती हैं। मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि इस बार राज्य में हर हाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
वहीं, उन्होंने तमिलनाडु सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्टालिन सरकार भ्रष्टाचार की चैंपियन है। डीएमके के लोग पैसा कमाने के लिए सत्ता में हैं। डीएमके का इतिहास है कि इसके नेता सिर्फ पैसा लूटने के लिए सत्ता में आते हैं। इन लोगों को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं होता है। ये लोग सत्ता में आकर लोगों को लूटने का काम करते हैं। अब समय आ चुका है कि इन लोगों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
--आईएएनएस
पीयूष
