परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा : अखिलेश यादव
लखनऊ, 29 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। ऐसे में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में फेरबदल करने से भी उसे कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
उन्होंने चेतावनी दी कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि देश के किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा और दिहाड़ी मजदूर सभी भाजपा के खिलाफ हैं।
भाजपा के अपने लोगों ने ही जब उसके झंडे हटाने शुरू कर दिए हैं, तो परिसीमन के नाम पर किसी भी तरह की जोड़-तोड़ या चुनावी व्यवस्था में गड़बड़ी से उसे कोई फायदा नहीं होने वाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भी जानती है कि परिसीमन से उसे कुछ हासिल नहीं होगा। इसके बावजूद विशेष सत्र बुलाने का मकसद परिसीमन नहीं, बल्कि कुछ दिनों तक जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाना है।
सपा प्रमुख ने एक बार फिर दोहराया कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है, देश नहीं। यही वजह है कि उसे लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है, लेकिन देश की सीमाओं की नहीं।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस
