Aapka Rajasthan

परिसीमन और महिला आरक्षण पर विपक्ष घिरा, शिवसेना बोली-लड़ाई पहले ही हार चुका है इंडी गठबंधन

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इंडी गठबंधन के नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के साथ उनकी बातचीत के बीच शिवसेना ने विपक्ष पर निशाना साधा है। वहीं, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लोकतंत्र को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।
 

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इंडी गठबंधन के नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार के साथ उनकी बातचीत के बीच शिवसेना ने विपक्ष पर निशाना साधा है। वहीं, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लोकतंत्र को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।

शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में इंडी गठबंधन के नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात और शरद पवार के साथ उनकी चर्चा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। शरद पवार महाराष्ट्र और देश के बड़े नेताओं में शामिल हैं। उनका मानना है कि परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक से महाराष्ट्र को फायदा होगा। सुप्रिया सुले स्वयं महिला हैं, इसलिए इस विषय को उनसे बेहतर कौन समझ सकता है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता शरद पवार से मिलने मुंबई आएं या डीएमके प्रमुख से मुलाकात करने चेन्नई जाएं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। विपक्ष अपनी लड़ाई पहले ही हार चुका है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर शरद पवार का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पवार वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और देश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है और उनकी व्यापक लोकप्रियता है। ऐसे में उनके खिलाफ कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां उचित नहीं हैं।

संसद के विशेष सत्र को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार से शुरू होने वाले सत्र में विधेयकों पर चर्चा की बात कही है। सभी सांसदों को सदन में उपस्थित रहना चाहिए और उनकी शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठा सकें और विधेयकों पर सार्थक चर्चा हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सकारात्मक पहल की है। यदि इसके बावजूद विपक्ष सदन की कार्यवाही नहीं चलने देता और चर्चा के लिए तैयार नहीं होता, तो सरकार विधेयकों को पेश कर उन्हें पारित कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने 360 से अधिक सांसदों के समर्थन का आंकड़ा पार करने की बात भी कही।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2029 में महिला आरक्षण लागू होना स्वतंत्र भारत के इतिहास में एक बड़ा बदलाव साबित होगा। परिसीमन के कारण लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ेगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय हित में इसका समर्थन करने की अपील की।

अरुण साव ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' भी सामूहिक रूप से सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर महीने के अंतिम रविवार को देश और दुनिया से जुड़ी अनोखी, प्रेरणादायक और जानकारीपूर्ण कहानियां साझा करते हैं। यह देश के सबसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में से एक है, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश और जागरूकता फैलती है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी