पैरा आर्चरी सीरीज: रोमांचक शूट-ऑफ में शीतल देवी ने साधा गोल्ड पर निशाना; भारत का शानदार प्रदर्शन
अहमदाबाद, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन शीतल देवी ने रोमांचक शूट-ऑफ में शानदार संयम दिखाते हुए पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी अगुआई में भारत ने बुधवार को वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज स्टेज-III का शानदार अंदाज में समापन करते हुए अंतिम दिन 2 गोल्ड और 4 ब्रॉन्ज सहित कुल 6 मेडल जीते।
वर्ल्ड नंबर 1 शीतल का कजाकिस्तान की आइजादा सेइदान के साथ कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों तीरंदाजों ने अपने शुरुआती राउंड में परफेक्ट 30 स्कोर किए और दूसरे राउंड के बाद स्कोर 59-59 से बराबरी पर था।
तीसरे राउंड में, आइजादा ने 28 और शीतल ने 27 स्कोर किए, जिससे आइजादा को एक प्वाइंट की बढ़त मिल गई। चौथा राउंड 29-29 पर बराबरी पर छूटा, जिससे भारतीय खिलाड़ी अंतिम राउंड में एक प्वाइंट्स से पीछे थीं।
शीतल ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 स्कोर किए, जबकि आइजादा ने 28 स्कोर किया। इससे स्कोर 144-144 से बराबर हो गया और मुकाबला शूट-ऑफ में चला गया। आखिरकार, भारतीय तीरंदाज को रोमांचक जीत मिली। गोल्ड मेडल दांव पर था और शीतल ने परफेक्ट 10 स्कोर किया, जबकि आइजादा सिर्फ 9 ही स्कोर कर पाईं।
इससे पहले, शीतल ने टोमन कुमार के साथ कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और इस गोल्ड मेडल के साथ उन्होंने इस इवेंट में दो मेडल अपने नाम किए।
शीतल और टोमन ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में इराक की सारा अल हामिद और अब्बास कादिम को 157-145 से हराया। भारतीय जोड़ी ने पहले तीन राउंड में से हर एक में 39 और आखिरी राउंड में परफेक्ट 40 स्कोर किए, और चार राउंड में सिर्फ तीन प्वाइंट्स गंवाए।
पैरालंपिक्स चैंपियन हरविंदर सिंह ने भी भारत के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई और भावना के साथ मिलकर पैरा रिकर्व मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल में चीन की लियांग किउरोंग और जिया लेई पर दबदबा बनाए रखा और 6-0 से शानदार जीत हासिल की। हरविंदर और भावना ने पहला सेट 35-31 और दूसरा सेट 36-33 से जीता। इसके साथ ही क्लीन स्वीप पूरा हुआ; तीसरा सेट 34-32 पर खत्म हुआ।
बाद में भावना ने पैरा रिकर्व महिला इवेंट के ब्रॉन्ज-मेडल प्लेऑफ में अपनी ही देश की राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराकर एक और मेडल अपने नाम किया। भारत ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता, जिसमें सरिता ने चीन की वांग हुइटिंग को 141-140 से हराया। टोमन कुमार ने पैरा कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत इवेंट में एक और ब्रॉन्ज मेडल जीता; उन्होंने इराक के अब्बास काधिम को 143-138 से हराया। यह इस टूर्नामेंट में उनका दूसरा मेडल था।
--आईएएनएस
आरएसजी
