Aapka Rajasthan

पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई, पश्चिम बंगाल से खत्म होगा भ्रष्टाचार: भाजपा

कोलकाता, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक देबाशीष धर और सुब्रत ठाकुर ने पेपर लीक मामलों पर सुधारों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश का स्वागत किया है। साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनाए गए 'जीरो टॉलरेंस' के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और सुशासन के लिए भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।
 

कोलकाता, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक देबाशीष धर और सुब्रत ठाकुर ने पेपर लीक मामलों पर सुधारों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश का स्वागत किया है। साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनाए गए 'जीरो टॉलरेंस' के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और सुशासन के लिए भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सुवेंदु अधिकारी के रुख पर भाजपा विधायक देबाशीष धर ने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' भाजपा के चुनावी संकल्प पत्र का हिस्सा रही है। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संकल्प लिया था और अब उसी पर अमल किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार गहराई तक फैल गया था, जिसे जड़ से समाप्त करना बेहद जरूरी है।

पेपर लीक मामलों पर प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो संदेश का स्वागत करते हुए देबाशीष धर ने कहा कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी। कुछ राजनीतिक दल देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों को विदेशों से भी समर्थन मिल रहा है और भारत की संप्रभुता को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।

भाजपा विधायक सुब्रत ठाकुर ने भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि विकसित भारत और विकसित पश्चिम बंगाल का लक्ष्य हासिल करना है तो कठोर कदम उठाने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दशकों में पश्चिम बंगाल की प्रशासनिक व्यवस्था भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से प्रभावित रही है। सरकारी दफ्तरों और पंचायतों में बिना कट मनी और रिश्वत के काम नहीं होते, जिससे आम जनता परेशान होती है। यदि इस व्यवस्था को समाप्त नहीं किया गया तो पश्चिम बंगाल का समुचित विकास संभव नहीं होगा।

पेपर लीक से जुड़े सुधारों पर प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर सुब्रत ठाकुर ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि पेपर लीक के पीछे कौन लोग हैं, किसका समर्थन उन्हें मिल रहा है और यदि किसी बाहरी ताकत या संगठित नेटवर्क की भूमिका है तो उसे भी सामने लाया जाना चाहिए।

सुब्रत ठाकुर ने प्रधानमंत्री द्वारा पेपर लीक पर कानून लाने की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को मजबूत बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं। भारत जैसे विविधताओं से भरे देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने की कोशिशें समय-समय पर होती रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार ऐसे प्रयासों का मजबूती से मुकाबला कर रही है। सरकार एक तरफ देश को बाहरी चुनौतियों से सुरक्षित रखने का काम कर रही है। वहीं, दूसरी ओर शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए भी ठोस कदम उठा रही है।

--आईएएनएस

पीएसके