Aapka Rajasthan

पंचकुला: क्लब संचालक रतन लुबाना पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पंचकुला, 4 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के पंचकुला स्थित पॉश सेक्टर-5 में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब बुड़ेगा क्लब के संचालक रतन लुबाना पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में रतन लुबाना को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से आए एक कथित ऑडियो संदेश ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
 
पंचकुला: क्लब संचालक रतन लुबाना पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पंचकुला, 4 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के पंचकुला स्थित पॉश सेक्टर-5 में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब बुड़ेगा क्लब के संचालक रतन लुबाना पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में रतन लुबाना को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से आए एक कथित ऑडियो संदेश ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात स्विस लॉज के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रतन लुबाना को निशाना बनाते हुए करीब 8 से 9 राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उनके पेट में लगी, जो आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली कंधे में लगी। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घायल रतन लुबाना को तत्काल सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विक्रम नेहरा और सेक्टर-5 थाना प्रभारी ललित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फायरिंग की घटना के बाद मामला उस समय और गंभीर हो गया जब रतन लुबाना के मोबाइल पर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से एक कथित कॉल और ऑडियो संदेश आने की बात आई। सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में कहा गया है कि दुश्मनों को 3-4 करोड़ रुपए दोगे तो अंजाम यही होगा। ऑडियो संदेश के साथ रतन लुबाना से बात कराने की बात भी कही गई है।

सूत्रों का दावा है कि कथित ऑडियो में हमले की जिम्मेदारी लेने जैसे संकेत भी दिए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल और ऑडियो संदेश की तकनीकी जांच कराई जा रही है तथा डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इसकी प्रामाणिकता का सत्यापन किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले रतन लुबाना को गैंगस्टर डोनी बल की ओर से कथित धमकी मिलने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में जांच एजेंसियां गैंगवार, पुरानी रंजिश, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।

गौरतलब है कि सेक्टर-5 पंचकुला का सबसे व्यस्त और हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है। यहां कई क्लब, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। नाइटलाइफ गतिविधियों के चलते पुलिस की नियमित गश्त और नाकाबंदी भी रहती है। इसके बावजूद शहर के बीचोंबीच हुई इस फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

--आईएएनएस

पीएसके