Aapka Rajasthan

पाकिस्तानी सेना ने माना, 'कराची पैरामिलिट्री हेडक्वार्टर पर हुआ था आतंकी हमला, मारे गए तीन सुरक्षाकर्मी'

इस्लामाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची में पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के गुलिस्तान-ए-जौहर कैंप पर शनिवार देर रात हुए आतंकी हमले में तीन सुरक्षाकर्मी और तीन हथियारबंद हमलावर मारे गए और एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया।
 

इस्लामाबाद, 28 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची में पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के गुलिस्तान-ए-जौहर कैंप पर शनिवार देर रात हुए आतंकी हमले में तीन सुरक्षाकर्मी और तीन हथियारबंद हमलावर मारे गए और एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने रविवार को जारी बयान में दावा किया कि हमला जमात-उल-अहरार से जुड़े आतंकियों ने किया था।

जमात-उल-अहरार, प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से अलग हुआ गुट है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, विस्फोट और गोलीबारी के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में क्लियरेंस अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर का शव बरामद किया गया।

वहीं, आईएसपीआर के अनुसार, हथियारबंदों ने पहले कैंप के मुख्य द्वार पर विस्फोट किया और फिर परिसर में घुसने की कोशिश की। हालांकि, रेंजर्स के जवानों ने मुस्तैदी से जवाबी कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।

बयान में कहा गया कि मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकी मारे गए, जबकि एक घायल जो अफगान नागरिक है, को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस गोलीबारी में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं।

आईएसपीआर ने कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जवाबी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में अन्य संदिग्ध हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

पाकिस्तानी सेना ने कहा कि सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 'अज्म-ए-इस्तेहकाम' अभियान के तहत हथियारबंद समूहों के खिलाफ कार्रवाई पूरी ताकत से जारी रहेगी।

पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने मारे गए जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका बलिदान देश की सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

--आईएएनएस

केआर/