पाकिस्तान सुपर लीग: दर्शकों के बिना खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे मुकाबले, नकवी को मांगनी पड़ी माफी
नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन खाड़ी युद्ध के बीच पेट्रोल जैसे संसाधनों को बचाने के लिए इसे सिर्फ दो ही वेन्यू पर खेला जाएगा। इस बीच दर्शकों के लिए स्टेडियम के दरवाजे बंद रहेंगे। इसकी जानकारी रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट के प्रमुख मोहसिन नकवी ने दी है।
यह फैसला आठ फ्रेंचाइजी के साथ एक लंबी बैठक और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ परामर्श के बाद लिया गया है। लाहौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नकवी ने कहा, "पाकिस्तान सुपर लीग अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 26 मार्च को शुरू होगा, क्योंकि हमें इसकी विश्वसनीयता बनाए रखनी है। इसे बाद में आयोजित करने के लिए कोई और समय उपलब्ध नहीं था।"
नकवी ने कहा, "मैं पेशावर के उन फैंस से माफी मांगता हूं, जिन्हें पहली बार पीएसएल मैच देखने का मौका मिलने वाला था, और मुझे उम्मीद है कि अगली बार उन्हें और अधिक मैच देखने को मिलेंगे।"
दर्शकों की अनुपस्थिति के कारण 'गेट मनी' (टिकटों की बिक्री से होने वाली आय) के नुकसान की भरपाई के लिए सभी फ्रेंचाइजी को वित्तीय मुआवजा दिया जाएगा।
पीएसएल का एक नया कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा, जिसमें वेन्यू के तौर पर लाहौर और कराची शामिल होंगे। सरकार की ओर से ईंधन की आपूर्ति को सख्ती से नियंत्रित किया जा रहा है। इसके चलते पेशावर, मुल्तान, रावलपिंडी और फैसलाबाद को कार्यक्रम से हटा दिया गया, ताकि ईंधन की खपत कम हो और संसाधनों की बचत हो सके। संसाधनों को बचाने के लिए भव्य उद्घाटन समारोह को रद्द कर दिया गया है। नकवी ने बताया कि मुकाबलों की तैयारी के लिए अधिकांश अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सोमवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद है।
'टेलीकॉमएशियास्पोर्ट्स' की पिछली रिपोर्ट्स में बताया गया था कि विदेशी खिलाड़ियों, विशेष रूप से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को खाड़ी क्षेत्र से होकर पाकिस्तान पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, अब नकवी ने इस पर एक अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है।
उल्लेखनीय है कि जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी और श्रीलंका के दासुन शनाका ने पीएसएल टीमों के साथ अनुबंध करने के बाद आईपीएल में शामिल होने का फैसला किया है। ऐसे में नकवी ने चेताया है कि जो विदेशी खिलाड़ी या तो मैच में शामिल नहीं होते हैं या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिक आकर्षक प्रस्तावों के लिए अपने पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट को बीच में ही छोड़ देते हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
आरएसजी
