Aapka Rajasthan

पाकिस्तान के खिलाफ जीतना बड़ी उपलब्धि, आर्यवीर के योगदान की तारीफ होनी चाहिए: कोच राजू शर्मा

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर खेले गए खिताबी मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 1 विकेट से रोमांच जीत हासिल करते हुए मेंस अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता। फाइनल मैच में 58 रन जड़ने वाले आर्यवीर सहवाग टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 5 मुकाबलों में 90.25 की औसत के साथ 361 रन बनाए। उनके कोच राजू शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ इस खिताबी जीत को बड़ी उपलब्धि बताया है।
 
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने उस्मान खान (107) की शतकीय पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। इस दौरान अब्दुल कादिर ने 80 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से काव्य पटेल ने सर्वाधिक 4, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट निकाले।

इसके जवाब में भारत ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। इस पारी में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रन की पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए। इनके अलावा मनल चौहान ने 47 रन और अंतिम गेंद पर विजयी चौका जड़ने वाले मोहित उल्वा ने नाबाद 49 रन जुटाए।

खिताबी जीत पर अंडर-19 क्रिकेटर आर्यवीर सहवाग के कोच राजू शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसमें आर्यवीर सहवाग के 58 रनों के योगदान की बहुत तारीफ होनी चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वह 22 रन बनाकर आउट हो गए थे। उनके पिता (वीरेंद्र सहवाग), उनके छोटे भाई और मैं एक साथ मैच देख रहे थे। अगर वे किसी और देश के खिलाफ जीते होते, तो शायद इतनी तारीफ नहीं होती, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ जीतना बड़ी उपलब्धि है। मुझे बहुत गर्व है कि आज भारतीय अंडर-19 टीम जीती है।"

वहीं, भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल के बचपन के कोच ज्वाला सिंह ने कहा, "भारत और पाकिस्तान का मैच हमेशा ही रोमांचक होता है और इसमें भारत का पलड़ा हमेशा भारी रहता है, लेकिन आज जब अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए, तो ऐसा लगने लगा था कि जूनियर स्तर यानी अंडर-19 लेवल पर 330 से ज्यादा का स्कोर हासिल करना मुश्किल होगा। बाद में जब मिडिल ऑर्डर में लगातार विकेट गिरे, तो उम्मीदें निराशा में बदल गईं। फिर भी जो होना होता है, वह होकर ही रहता है।"

ऐतिहासिक जीत पर विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कहा, "एक शानदार जीत है। इसके लिए भारतीय अंडर-19 टीम को बहुत-बहुत बधाई। जिस तरह से उन्होंने एक टीम के रूप में खेला और इस स्कोर का पीछा किया, वह बेहतरीन था और वाकई तारीफ के काबिल है।"

--आईएएनएस

आरएसजी/वीसी