पैरों में बेड़ियां, शरीर पर जख्म, फिर भी सिर उठाए खड़े थे बिरसा मुंडा, 'धरती आबा' की वो कहानी जिसने अंग्रेजों को हिला दिया
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। यह कहानी है उस 'उलगुलान के महानायक' की, जिसने महज 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत की नाक में दम कर दिया था। अपने संघर्ष, शौर्य और पराक्रम की बदौलत बिरसा मुंडा आदिवासियों के भगवान कहलाए। 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ बगावत का बिगुल बजाया था।
15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातु गांव में जन्मे बिरसा मुंडा का बचपन भेड़-बकरियां चराते गुजरा था। उन्हें बांसुरी बजाने का बहुत शौक था। उनकी परवरिश मुख्य रूप से बोहोंडा के आसपास के जंगलों में हुई। परिवार में बेहद गरीबी ने बिरसा मुंडा को संघर्ष करना सिखा दिया था और यही संघर्ष आगे चलकर उन्हें बड़े आंदोलन का नेतृत्व करने की प्रेरणा दे गया।
बिरसा मुंडा ने बचपन में ही अतीत में हुए मुंडा विद्रोह की कहानियां सुन ली थीं। उन्होंने कई बार समुदाय के सरदारों को विद्रोह का आह्वान करते देखा था।
बिरसा मुंडा के समुदाय के लोग ऐसे स्वर्ण युग की बात किया करते थे, जब मुंडा लोग डाकुओं के उत्पीड़न से मुक्त थे। सरदारों का कहना था कि एक बार फिर उनके समुदाय के परपंरागत अधिकार बहाल हो जाएंगे। वे खुद को मूल निवासियों का वंशज मानते थे और अपनी जमीन यानी मुल्क की लड़ाई के लिए लड़ रहे थे। इन वीरगाथाओं ने लोगों को अपना साम्राज्य पाने के लिए प्रेरित किया। उस दौर में बिरसा मुंडा ने भी अपने आसपास के अन्याय को देखा और महसूस किया।
भगत सिंह और चंद्रशेखर की शहादत से तकरीबन 30 साल पहले बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्हें गिरफ्तार करने के बाद अंग्रेजों ने तय किया कि उन्हें जंजीरों में बांधकर जेल से अदालत तक ले जाया जाए, ताकि आम लोगों को यह सबक मिल सके कि अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठने वाली आवाज का क्या परिणाम होता है। हालांकि, शायद अंग्रेजों को यह अंदाजा नहीं था कि बिरसा मुंडा आदिवासियों के लिए पहले ही 'भगवान' बन चुके थे।
जब बिरसा मुंडा को लाया गया तो उनके हाथों और पैरों में बेड़ियां थीं। पैरों से खून बह रहा था, पूरे शरीर पर चाकू और बेंत से मारे जाने के निशान थे लेकिन मजाल है कि उन जख्मों का दर्द उनके चेहरे से जाहिर हो। बिना किसी शिकन और संदेह के बिरसा मुंडा सिर उठाए अपने लोगों को ताक रहे थे। शायद मन ही मन उन्हें संतुष्टि थी कि उनके लोगों तक उनकी आवाज पहुंच चुकी है। उनकी बगावत सफल हो चुकी है।
बिरसा मुंडा की हिम्मत को देखकर अंग्रेजों को भी यह एहसास होने लगा था कि उनका दांव उल्टा पड़ गया है। भगत सिंह के जन्म और महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से लौटने से भी पहले बिरसा मुंडा जंगलों के बीचअंग्रेजों के खिलाफ क्रांति छेड़ चुके थे।
उन्होंने झारखंड और आसपास के आदिवासियों को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ एकजुट कर लिया था। फिरंगी शासन के 'भूमि कर' ने इस चिंगारी को और सुलगा दिया। 19वीं शताब्दी के अंत में कर्ज के बदले आदिवासियों की जमीनें हड़पी जाने लगी थीं। आक्रोश इस कदर उठा कि बिरसा मुंडा अनेक आदिवासियों के साथ संघर्ष के लिए खड़े हो गए। उन्होंने 'उलगुलान' नाम से जोशीला आंदोलन शुरू कर दिया। पुलिस थाने और अंग्रेजी हुकूमत के तमाम तमाम दफ्तरों पर तीर कमान से हमले किए गए।
उस जमाने में बिरसा मुंडा के ऊपर अंग्रेजी हुकूमत ने 500 रुपए का इनाम रखा था। इसके बाद अगस्त 1895 को बिरसा को गिरफ्तार कर लिया गया था। दो साल तक सजा काटने के बाद बिरसा मुंडा जेल से लौटे और एक बार फिर अपने लोगों और आदिवासियों के बीच अंग्रेजों के खिलाफ संगठन बनाना शुरू कर दिया था। बिरसा का आंदोलन बहुत व्यापक हो चुका था। साल 1900 में तंबारी हिल पर बिरसा मुंडा और उनके अन्य क्रांतिकारी साथियों की सभा चल रही थी, जहां अंग्रेजी सेना ने क्रांतिकारियों को चारों तरफ से घेर लिया था। इस संघर्ष में सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। कहा जाता है कि मृतकों को पहाड़ी से नीचे फेंक दिया गया था और घायलों को जिंदा दफना दिया गया था।
इस भीषण संघर्ष में बिरसा मुंडा जिंदा बच निकले थे लेकिन उन्होंने अपने कई साथियों को खो दिया था। बाद में 3 मार्च 1900 को बिरसा मुंडा को चक्रधरपुर से गिरफ्तार किया गया। कहा जाता है कि वहां के सुपिरिटेंडेंट ऑफ पुलिस रॉस ने अपनी संगीन से एक झोपड़ी के दरवाजे को धक्का दिया, तो वहां बिरसा मुंडा पालथी मारकर बैठे हुए थे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और रांची भेज दिया गया।
अंग्रेजी शासन ने बिरसा मुंडा की गिरफ्तारी की खबर को दबाने की पूरी कोशिश की थी लेकिन किसी तरह जब लोगों को पता चल गया तो रांची में उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों लोग जुट चुके थे। बिरसा को तीन महीने तक कालकोठरी में रखा गया था, जहां उनकी तबीयत खराब हो चुकी थी। 9 जून 1900 को बिरसा मुंडा की शहादत के बाद आंदोलन के फलस्वरूप 1908 में छोटा नागपुर टेनेंसी एक्ट पास हुआ, जिसमें यह प्रावधान था कि ट्राइबल लैंड को किसी भी तरह से किसी व्यक्ति या संस्थान को स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। आज भी यह एक्ट आदिवासियों के लिए एक सुरक्षा घेरे की तरह काम करता है।
--आईएएनएस
डीसीएच/पीएम
