Aapka Rajasthan

पहलाज निहलानी के निधन पर बोले अनीस बज्मी, 'इंडस्ट्री ने बेहतरीन निर्माता और एक अच्छे इंसान को खो दिया'

मुंबई, 4 जून (आईएएनएस)। मशहूर फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी के निधन की खबर से पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर है। 76 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों, निर्देशकों और निर्माताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
 
आईएएनएस से बात करते हुए फिल्ममेकर अनीस बज्मी ने पहलाज निहलानी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, ''यह मेरे लिए बेहद दुखद दिन है। हमारा रिश्ता तीन से चार दशक पुराना था। मैंने उनके साथ कई फिल्मों में काम किया था, जिनमें 'आग ही आग' और 'शोला और शबनम' जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। वह बेहद दिलदार और मददगार इंसान थे। फिल्म इंडस्ट्री में उनके जितने भी दोस्त और साथी थे, सभी आज उनके जाने से सदमे में हैं। इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन निर्माता और एक अच्छे इंसान को खो दिया है।''

वहीं, अभिनेता गोविंद नामदेव ने कहा, ''मुझे उनके जाने का गहरा दुख है। मेरी फिल्मी करियर की शुरुआत में पहलाज जी का बड़ा योगदान रहा। मुझे पहली फिल्म 'शोला और शबनम' उन्होंने ही दी थी। उसी फिल्म की बदौलत मैं हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख पाया। अगर यह मौका नहीं मिला होता, तो शायद मेरा फिल्मी सफर भी इतना आसान नहीं होता। वह निर्माता होने के साथ-साथ मेरे करियर के अहम मार्गदर्शक थे।''

निर्देशक और निर्माता सुनील दर्शन ने भी पहलाज निहलानी को याद करते हुए कहा, ''वह फिल्म इंडस्ट्री का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थे। लगभग 50 सालों के अपने लंबे करियर में उन्होंने कई अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया। वह एक सफल फिल्म निर्माता रहे, फिल्म वितरण के क्षेत्र में सक्रिय रहे और बाद में सीबीएफसी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। इतना लंबा और प्रभावशाली सफर तय करने वाले व्यक्ति का जाना पूरे फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है। वह शांत और सौम्य स्वभाव के थे। लोग उन्हें हमेशा सम्मान और प्यार के साथ याद करेंगे।''

पहलाज निहलानी का फिल्मी सफर साल 1982 में फिल्म 'हथकड़ी' से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने 'आंधी-तूफान', 'इल्जाम', 'आग ही आग', 'शोला और शबनम', 'आंखें', 'अंदाज', 'तलाश', 'जूली 2' और 'रंगीला राजा' जैसी कई फिल्मों का निर्माण किया। उनकी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की और दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम