Aapka Rajasthan

पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति मुर्मु ने पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को एक साल होने वाला है। आतंकियों ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों को मार डाला था। पहलगाम की पहली बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
 
पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति मुर्मु ने पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को एक साल होने वाला है। आतंकियों ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों को मार डाला था। पहलगाम की पहली बरसी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को याद किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उस जघन्य कृत्य में निर्दोष लोगों की जो दुखद क्षति हुई, वह हमारी सामूहिक स्मृति में हमेशा के लिए अंकित हो गई है।

उन्होंने कहा कि मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। आतंकवाद के ऐसे कृत्य शांति और एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को डिगा नहीं सकते। हम आतंकवाद को हर जगह और उसके सभी रूपों में पराजित करने के अपने संकल्प पर दृढ़ हैं।

इससे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए मासूम लोगों को याद करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इस कठिन समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने के अपने दृढ़ संकल्प पर कायम है।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "मैं पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को पूरी गंभीरता और सम्मान के साथ याद करता हूं। आतंक की उस भयानक और कायरतापूर्ण हरकत में जो निर्दोष जानें गईं, वे हमारी सामूहिक स्मृति में हमेशा के लिए अंकित हो गई हैं। मैं उन लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्हें हमने खो दिया और उनके परिवारों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा हूं, जिनका दुख अपार है। उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।"

वहीं, पहलगाम की बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "पिछले साल आज ही के दिन, पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "एक राष्ट्र के रूप में, हम दुख और संकल्प की इस घड़ी में एकजुट होकर खड़े हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।"

--आईएएनएस

डीकेपी/