Aapka Rajasthan

पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में पहुंचे पीएम मोदी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित कर रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी भी शामिल रहे।
 

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री ने देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित कर रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के छह मेधावी भी शामिल रहे।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। खास बात यह रही कि पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारों के साथ उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मंत्री मनोज पांडेय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद हरिद्वार से लखनऊ पहुंचे थे और सीधे कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी कठिन समय में भी हमारे बीच पहुंचे हैं। जनता के बीच आकर उन्होंने अपने समर्पण और कर्तव्यबोध का भाव प्रदर्शित किया है।

जयंत चौधरी ने कहा कि हर कार्यक्षेत्र में सफलता के पीछे युवाओं की प्रतिभा और मेहनत होती है। छोटे गांवों और आईटीआई से भी प्रतिभाशाली युवा निकल रहे हैं और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ रहे हैं। वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के इस दौर में देश के युवाओं की उपलब्धियों और उन्हें मिले सम्मान का उत्सव मनाना महत्वपूर्ण है। समारोह में प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 4,200 प्रशिक्षार्थियों सहित कुल 4,461 युवाओं ने हिस्सा लिया।

इनमें विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों (आईटीसी) के प्रशिक्षु शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना और व्यावसायिक शिक्षा के प्रति आकर्षण बढ़ाना है।

राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन इस बार उत्तर प्रदेश में होना प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक यह समारोह दिल्ली में आयोजित होता रहा है। पहली बार राजधानी लखनऊ को इसकी मेजबानी का अवसर मिला है। समारोह के जरिए देशभर में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दी गई।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस