Aapka Rajasthan

पांचवें मैच में आयरलैंड की 6 विकेट से हार, अफगानिस्तान ने 4-0 से जीती वनडे सीरीज

बेलफास्ट, 15 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ शनिवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली।
 

बेलफास्ट, 15 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ शनिवार को सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आयरलैंड की टीम ने 50 ओवरों के खेल में 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए। इस टीम को एंड्रयू बालबर्नी (13) के रूप में पहला झटका लगा, जो कप्तान पॉल स्टर्लिंग के साथ पहले विकेट के लिए 34 रन ही जुटा सके। इसके बाद टीम ने खाते में 5 और रन जुड़ने के बाद ही कप्तान स्टर्लिंग (20) का विकेट भी खो दिया।

यहां से केड कारमाइकल ने हैरी टेक्टर के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन जुटाए। केड 22 रन बनाकर आउट हुए। टेक्टर ने कर्टिस कैंपर के साथ पांचवें विकेट के लिए 55 रन जुटाए। टेक्टर 80 गेंदों में 4 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जहां से कैंपर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जॉर्ज डॉकरेल के साथ छठे विकेट के लिए 57 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की, जबकि जॉर्ज नील के साथ सातवें विकेट के लिए 64 रन जुटाए।

कैंपर 84 गेंदों में 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 96 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डॉकरेल ने 31 रन जुटाए। जॉर्डन ने नाबाद 23 रन की पारी खेली। मेहमान खेमे से अजमतुल्लाह ओमरजई ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि एमएम गजनफर ने 2 विकेट निकाले। मोहम्मद सलीम और नंगेलिया खरोती ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में अफगानिस्तान ने 48.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने 22 के स्कोर तक इब्राहिम जादरान (5) और रहमानुल्लाह गुरबाज (14) के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान रहमत शाह ने सेदिकुल्लाह अटल के साथ तीसरे विकेट के लिए 201 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की पटरी पर ला दिया।

अटल 112 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 98 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से रहमत शाह ने अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ 56 जुटाए, जबकि हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ पांचवें विकेट के लिए 23 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई।

कप्तान रहमत शाह 133 गेंदों में 2 छक्कों और 13 चौकों के साथ 143 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ओमरजई 14 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। मेजबान खेमे से लियाम मैकार्थी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। जय मूदड़ा ने 1 विकेट अपने नाम किया।

--आईएएनएस

आरएसजी